Tamil Nadu Flamingo Sighting: घूमने फिरने के लिए अगर आप किसी यूनीक ट्रैवल डेस्टिनेशन की तलाश में हैं तो ये आर्टिकल आपके लिए ही है। तमिलनाडु आपकी ट्रैवल बकेट लिस्ट में शामिल हो सकती है। हाल ही में तमिलनाडु के तट पर एक अद्भुत गुलाबी रंग का अनुभव किया गया है जिसके दीदार करने के लिए आप ट्रैवल प्लान कर सकते हैं। तमिलनाडु के थुथुकुडी में हजारों फ्लेमिंगो ने दस्तक दी है, जिसने इस क्षेत्र को एक जीवंत और रंगीन वातावरण में बदल दिया है।
हर साल, ये अद्भुत पक्षी अपनी प्रवासी यात्रा के दौरान थुथुकुडी की यात्रा करते हैं। मौजूदा समय में यह क्षेत्र फोटोग्राफरों और पक्षी प्रेमियों के लिए एक आकर्षण का केंद्र गया है। थुथुकुडी, जिसे तुतिकोरिन भी कहा जाता है, भारत के दक्षिण-पूर्वी तट पर स्थित है।
हर साल हजारों फ्लेमिंगो गुजरात, राजस्थान और यहां तक कि श्रीलंका से इस क्षेत्र में आते हैं। यहां के शांत जल और पोषक तत्वों से भरपूर लैगून इन पक्षियों के लिए भोजन का एक महत्वपूर्ण स्रोत हैं। यात्रा से पहले जान लें कि सुबह के समय या शाम को यहां आना फोटोग्राफी के लिए सबसे अच्छा समय होता है।
बता दें कि थुथुकुडी को 'मोती शहर' के नाम से भी जाना जाता है। पुर्तगाली, डच और ब्रिटिश साम्राज्यों का प्रभाव यहां साफ देखा जा सकता है। यहां के कई ऐतिहासिक स्थल जैसे वल्लानाडु अभयारण्य, कोर्काई और मुथु नगर समुद्र तट भी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं। ऐसे में थुथुकुडी ना केवल फ्लेमिंगो के अद्भुत दृश्य का स्थान है, बल्कि यह एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर का भी प्रतीक है। यहां आने वाले पर्यटक इस क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक महत्व का अनुभव कर सकते हैं।
