अगर आपका सपना विदेश घूमने का है, लेकिन बजट बार-बार रास्ता रोक देता है, तो वियतनाम आपकी ट्रैवल विशलिस्ट में सबसे ऊपर होना चाहिए। यह उन देशों में शामिल है, जहां भारतीय रुपये की कीमत काफी मजबूत मानी जाती है। यही वजह है कि यहां भारतीय यात्रियों को खाना, घूमना और लोकल ट्रांसपोर्ट जैसी कई चीजें दूसरे लोकप्रिय इंटरनेशनल डेस्टिनेशन के मुकाबले सस्ती पड़ सकती हैं।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - लद्दाख की ऐसी जगह जो है आपकी सोच से परे..
सोशल मीडिया पर भी वियतनाम को "बजट ट्रैवलर्स का स्वर्ग" कहा जाता है। खूबसूरत समुद्र तट, रंग-बिरंगे बाजार, स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड, शांत पहाड़ और ऐतिहासिक शहर। यहां हर किसी के लिए कुछ न कुछ बहुत ही खास मौजूद है। अगर आप कम खर्च में इंटरनेशनल ट्रिप का मजा लेना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं कि वियतनाम भारतीयों के लिए इतना किफायती क्यों माना जाता है और वहां क्या-क्या एक्सप्लोर किया जा सकता है।
भारतीय रुपये की वैल्यू यहां ज्यादा महसूस होती है
वियतनाम की मुद्रा वियतनामी डोंग (VND) है। इसी वजह से भारतीयों को यहां अपने पैसों की कीमत ज्यादा महसूस होती है। उदाहरण के तौर पर, करीब ₹100 भारतीय रुपये लगभग 27,586 वियतनामी डोंग के आसपास हो सकते हैं। हालांकि एक्सचेंज रेट समय-समय पर बदलती रहती है। लेकिन फिर भी भारतीयों के लिए वियतनाम दूसरी इंटरनेशनल जगहों से काफी सस्ता और अच्छा माना जाता है।
स्ट्रीट फूड जेब पर भारी नहीं पड़ता
वियतनाम अपने स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड के लिए दुनिया भर में मशहूर है। कई जगहों पर आपको ₹100–₹300 के बीच स्वादिष्ट नूडल्स, सैंडविच, कॉफी या लोकल डिश आसानी से मिल सकती है। इससे खाने का खर्च काफी कंट्रोल में रहता है। ट्रिप पर जाते वक्त मुख्य खर्च रहने और खाने का ही होता है, ऐसे में अगर आपको कम खर्च में अच्छा खाना मिल जाए तो ट्रिप सफल ही है।
होटल भी बजट में
अगर आप पहले से बुकिंग करें, तो अच्छे बजट होटल या होमस्टे ₹1,500–₹2,500 प्रति रात के बीच मिल सकते हैं। बैकपैकर्स के लिए इससे भी सस्ते हॉस्टल विकल्प उपलब्ध रहते हैं।
वियतनाम में घूमने की बेस्ट जगहें
- हा लॉन्ग बे की शानदार क्रूज़ यात्रा
- दा नांग के खूबसूरत बीच
- होई आन की रंगीन गलियां
- हनोई का ओल्ड क्वार्टर
- हो ची मिन्ह सिटी की नाइट लाइफ
- सापा की पहाड़ियां और धान के खेत
वियतनाम शहर के अंदर घूमने के लिए टैक्सी, बस और बाइक टैक्सी जैसे विकल्प आसानी से मिल जाते हैं। कई जगहों पर लोकल यात्रा ₹50–₹300 के बीच पूरी हो सकती है। इससे पूरे ट्रिप का खर्च काफी कम रहता है। साथ ही साथ वियतनाम के नाइट मार्केट और लोकल बाजार भी काफी लोकप्रिय हैं। यहां कपड़े, बैग, हैंडीक्राफ्ट, कॉफी और सजावटी सामान अच्छी कीमत पर मिल जाते हैं।
अगर आपने पहले कभी विदेश यात्रा नहीं की है, तो वियतनाम एक अच्छा विकल्प हो सकता है। यहां प्राकृतिक सुंदरता, अच्छा खाना, बजट होटल और घूमने के कई विकल्प एक ही ट्रिप में मिल जाते हैं। कम बजट में ज्यादा अनुभव लेने वाले यात्रियों के लिए यह देश खास माना जाता है।
