शहर

7 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के विकास कार्यों को मंजूरी, 46 हजार घरों में पहुंचेगी बिजली, मोहन यादव कैबिनेट ने लिए बड़े फैसले

मोहन यादव कैबिनेट ने ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में अद्वैत लोक (शंकर संग्रहालय) के निर्माण के लिए 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये मंजूर किए हैं। यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक खर्च की जाएगी। इस परियोजना के माध्यम से आदि शंकराचार्य के जीवन, उनके योगदान और अद्वैत वेदांत दर्शन को अलग-अलग माध्यमों से प्रदर्शित किया जाएगा।

Image

मोहन यादव कैबिनेट ने लिए बड़े फैसले

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। कैबिनेट ने इस दौरान 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावों को मंजूरी दी। इनमें ओंकारेश्वर के एकात्म धाम में अद्वैत लोक का निर्माण, 46 हजार से अधिक घरों का विद्युतीकरण, सहकारी बैंकों को आर्थिक सहायता और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने वाली नई योजना प्रमुख हैं। बैठक के बाद सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने फैसलों की जानकारी दी।

मोहन यादव कैबिनेट ने ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में अद्वैत लोक (शंकर संग्रहालय) के निर्माण के लिए 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये मंजूर किए हैं। यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक खर्च की जाएगी। इस परियोजना के माध्यम से आदि शंकराचार्य के जीवन, उनके योगदान और अद्वैत वेदांत दर्शन को अलग-अलग माध्यमों से प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें हाईस्क्रीन थिएटर, माया गैलरी, लेजर लाइट एंड साउंड शो, कला वीथिका, निदिध्यासन केंद्र और पंचायतन मंदिर जैसे आकर्षण विकसित किए जाएंगे।

दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना

प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और देशी गोवंश के संरक्षण के लिए कैबिनेट ने गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के क्रियान्वयन का अनुसमर्थन किया। इसका लक्ष्य मध्यप्रदेश को देश की मिल्क कैपिटल बनाना और गोपालकों की आय बढ़ाना है। योजना के पहले वर्ष 2026-27 में 208 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के एक-एक वृंदावन ग्राम में प्रतियोगिता होगी। इसके बाद 2027-28 से 2030-31 तक प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में यह आयोजन किया जाएगा।

प्रतियोगिता में छह लीटर या उससे अधिक प्रतिदिन दूध देने वाली भारतीय उन्नत देशी नस्ल की गायों के पालक हिस्सा ले सकेंगे। प्रत्येक स्तर पर प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार और तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये दिए जाएंगे।

46 हजार से ज्यादा घरों में पहुंचेगी बिजली

कैबिनेट ने केंद्र सरकार की आरडीएसएस योजना के तहत 1,834 बसाहटों के 46,574 घरों और 54 सरकारी सार्वजनिक संस्थानों के विद्युतीकरण के लिए 193 करोड़ 72 लाख रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी दी। इसमें केंद्र सरकार 116 करोड़ 24 लाख रुपये और राज्य सरकार 77 करोड़ 48 लाख रुपये खर्च करेगी।

इसके अलावा प्रदेश के नौ कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए 325 करोड़ रुपये की अंशपूंजी सहायता मंजूर की गई। रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये, जबकि रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

सहकारी समितियों के चुनाव एक साल टले

मंत्रि-परिषद ने बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के लंबित चुनाव एक साल आगे बढ़ाने का फैसला किया है। नई समितियों के गठन और संचालन की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण यह निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही विपणन समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव भी आवश्यकतानुसार आगे बढ़ाए जा सकेंगे।

कैबिनेट ने खनिज अन्वेषण और सर्वेक्षण के लिए मध्यप्रदेश राज्य खनिज निगम को नोडल एजेंसी बनाने की मंजूरी दी। वहीं, सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं को 2030-31 तक जारी रखने के लिए 3,059 करोड़ 7 लाख रुपये और मुख्यमंत्री वैवेकिक अनुदान योजना के लिए 1,165 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article