Thailand Tourism: हर साल लाखों की संख्या में भारतीय टूरिस्ट थाईलैंड की यात्रा करते हैं। बैंकॉक की नाइटलाइफ, पटाया की रौनक, फुकेट के समुद्र तट-थाईलैंड का हर कोना भारतीय पर्यटकों से गुलजार रहता है। दोस्तों के साथ तो लोग थाईलैंड घूमने जाते ही हैं साथ ही फैमिली ट्रिप पर भी यहां जाना काफी पसंद करते हैं। भारतीय पर्यटकों की दिलचस्पी थाईलैंड को लेकर तेजी से बढ़ रही है इसके पीछे का कारण यहां डिटेल में बताया गया है।
इंटरनेशनल ट्रिप की बढ़ती चाह: भारत में मीडिल क्लास की आय और खर्च करने की क्षमता पिछले कुछ सालों में काफी बढ़ी भी है। अब विदेश यात्रा सिर्फ अमीरों तक सीमित नहीं है। बढ़ता मध्यम वर्ग और इंटरनेशनल ट्रिप की चाह में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिली है।
वीजा की नो टेंशन: थाईलैंड भारतीय नागरिकों को 30 दिनों तक के लिए वीजा फ्री एंट्री देता है। थाईलैंड सरकार ने 2023 के अंत में भारतीय पर्यटकों के लिए वीजा फ्री एंट्री की घोषणा की थी जिसके बाद पर्यटकों की संख्या साल 2023 के 2 मिलियन के मुकाबले बढ़कर 2024 में 2.1 मिलियन हो गई।
बजट में इंटरनेशनल ट्रिप: सस्ते फ्लाइट ऑप्शंस से लेकर कम खर्च में ठहराव और सस्ते खाने-पीने के विकल्प। अगर आप 4 से 5 दिन की बजट ट्रिप थाईलैंड की प्लान करते हैं तो इस बात की काफी ज्यादा संभावना है कि 50 हजार से कम खर्चे पर आप आसानी से ट्रिप कर आएं।
थाईलैंड का प्रमुख आकर्षण: मंदिरों के दर्शन, खूबसूरत समुद्र तट पर चिलआउट, बैंकॉक में नाइटलाइफ, सफारी और वाइल्डलाइफ स्पॉट्स थाईलैंड की पहचान हैं। अगर आप पहली बार थाईलैंड घूमने का प्लान कर रहे हैं तो वाट अरुण, वाट फो, वाट फ्रा केव, फिफी आइलैंड, पटोंग बीच, खाओ सान रोड, काओ याई नेशनल पार्क और डोई इनथानन नेशनल पार्क को बकेट लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
