Sri Ganganagar News: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में दीपावली से पहले बम धमाकों की साजिश का खुलासा हुआ है। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास रावला मंडी क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियार बरामद किया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सीमा पार से ड्रोन के जरिए यह खेप भारतीय क्षेत्र में गिराए जाने की आशंका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं।
क्या-क्या हुआ बरामद?
जानकारी के अनुसार, खुफिया इनपुट मिलने के बाद सीमा सुरक्षा बल (BSF), एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और रावला पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। यह कार्रवाई 12 KND ग्राम पंचायत के चक 4 KNM, W टेल क्षेत्र में की गई। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को करीब 7 किलोग्राम RDX, तुर्की में निर्मित दो जिगाना पिस्टल, चार मैगजीन और 650 कारतूस मिले। इसके अलावा चार जोड़ी बैटरी और दो रिमोट भी बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इन उपकरणों का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जा सकता था।
ड्रोन के जरिए खेप गिराए जाने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोमवार रात ड्रोन के जरिए विस्फोटक और हथियारों की खेप गिराए जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि के लिए जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि बरामद सामग्री कहां से भेजी गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
दो आरोपी गिरफ्तार
ANTF के IG के मुताबिक, इस मामले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी पंजाब के निवासी बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसियों को संदेह है कि आरोपियों की तैयारी राजस्थान समेत देश के अन्य हिस्सों में किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की थी। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।
