देश

Vaishali Boat Accident: CM सम्राट चौधरी ने 4 लाख रुपये मुआवजे का किया ऐलान, उपराष्ट्रपति सहित कई नेताओं ने जताया दुख

Vaishali Boat Accident: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में रामपुर श्यामचंद गांव के पास गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में कई लोगों की मौत की खबर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है।

Image

बिहार नाव हादसे में मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 4-4 लाख रुपये, CM सम्राट चौधरी ने किया ऐलान। PTI

Photo : PTI

Vaishali Boat Accident: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में नाव हादसे में मासूम बच्चों की मौत की खबर से हड़कंप मच गया है। इस दर्दनाक घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के साथ घायलों को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 4-4 लाख रुपये

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर राघोपुर में नाव हादसे में मासूम बच्चों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि निर्दोष बच्चों की मौत की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। सरकार की ओर से यह सहायता दुख की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को राहत देने के उद्देश्य से दी जाएगी।

कई लोग तैरकर पहुंचे किनारे

हादसा रामपुर श्यामचंद गांव के नजदीक हुआ है। बताया जा रहा है गंगा के पार एक भोज में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग गए थे। एक नाव में करीब 15 से 20 लोग सवार थे। इस दौरान ओवरलोड नाव अनियंत्रित होग गई और नदी में नाव पलट गई। इससे पहले लोग कुछ समझ पाते सब डूबने लगे। इसमें कई लोग तैरकर किनारे पहुंच गए, लेकिन उसमें से 11 लोग गहरे पानी में फंस गए। हालांकि, हादसे की असली वजह क्या ये सामने नहीं आ पाई है। बता दें कि यह आरजेडी नेता तेजस्वी यादव का विधानसभा क्षेत्र है।

इस घटना पर चिंता जाहिर करते हुए तेजस्वी यादव ने बताया कि यह हादसा राघोपुर दियारा क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद में हुआ। कुछ बच्चे नाव से भोज में शामिल होने गए थे। लौटते समय उनकी नाव पलट गई, जिससे कई लोगों की जान चली गई। तेजस्वी के अनुसार, हादसे के बाद अब तक 14 शव बरामद किए जा चुके हैं। छह लोगों को अस्पताल भेजे जाने की जानकारी मिली है, जबकि तीन लोग सुरक्षित बताए गए हैं। उन्होंने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हालांकि, करीब 30 लोगों की मौत का आंकड़ा फिलहाल प्रारंभिक अनुमान है और इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

तेजस्वी यादव ने डीएम और आपदा प्रबंधन सचिव से की बात

हादसे की जानकारी मिलने के बाद तेजस्वी यादव ने वैशाली के जिलाधिकारी और आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव से बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों से राहत एवं बचाव अभियान में तेजी लाने और अधिक से अधिक बचाव दलों को घटनास्थल पर तैनात करने का आग्रह किया। तेजस्वी ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमों को भी अभियान में लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि रात के समय हुई इस दुर्घटना के बाद बचाव कार्य तेजी से चलाना जरूरी है।

इस दर्दनाक हादसे पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने दुख जाहिर करते हुए लिखा बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी में नाव पलटने की दुखद घटना में लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति और साहस प्रदान करें। इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के लिए मेरी प्रार्थनाएं हैं। मैं लापता लोगों की सुरक्षा के लिए भी प्रार्थना करता हूं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article