यात्रा

सस्ते में हो जाता है भारत के पड़ोसी देश नेपाल का टूर, फैमिली संग कर सकते हैं इन 5 जगहों की सैर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 18, 2023, 07:03 PM IST

Top Tourist destinations in Nepal: प्राकृतिक सुंदरता और अतिप्राचीन मंदिरों का इतिहास नेपाल को पर्यटन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण स्थान बना देता है। नेपाल में घूमने के लिए हर साल लाखों की संख्या में सैलानी पहुंचते हैं। जो यहां की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद उठाते हैं।

Image

Nepal Tourism

Top Tourist destinations in Nepal: दुनिया के सबसे खूबसूरत देशों में शामिल नेपाल को 'दुनिया की छत' भी कहा जाता है। हिमालय पर्वत की गोद में बसा ये देश चारों तरफ हरियाली से घिरा हुआ है। पहाड़ों के साथ-साथ प्राकृतिक सुंदरता के दीवाने लोग साल भर नेपाल घूमने के लिए आते रहते हैं। नेपाल आने वाले लोगों में कई तरह के लोग होते हैं जैसे कि पर्वतों के नजारों के शौकीन, हिमालय पर ट्रेकिंग के शौकीन। इनके साथ ही कुछ लोग नेपाल की संस्कृति और सभ्यता को देखने भी आते हैं। इसके साथ ही एक बात बताते हैं कि नेपाल देश में आपराधिक गतिविधियां ना के बराबर होती है जिस कारण नेपाल पर्यटकों के लिए काफी सुरक्षित देश बन जाता है। यदि आप नेपाल जाने का प्लान कर रहे हैं तो हम आपको बता दें कि नेपाल जाने के लिए आपको किसी तरह के वीजा की आवश्यकता नहीं होती है।

नेपाल के मुख्य पर्यटन स्थल

1. काठमांडू टूरिज्म

नेपाल की राजधानी काठमांडू एक बेहद आकर्षक पर्यटन केन्द्र है। इस शहर की आबादी लगभग 15लाख के करीब है। हिमालय को गोद में बसा होने के कारण काठमांडू में साल भर मौसम ठंडा बना रहता है। काठमांडू, अपने मठों, मंदिरों, और आध्यात्मिक केन्द्रों के साथ-साथ पीसफुल प्लेस के रूप में भी जाना जाता है।

kathmandu

kathmandu

2. पोखरा टूरिज्म

नेपाल की राजधानी काठमांडू के बाद पोखरा नेपाल का दूसरा सबसे बड़ा शहर है। इस खूबसूरत शहर को देखने के लिए साल भर लोगों का तांता लगा रहता है। पोखरा को नेपाल का सबसे पसंदीदा टूरिस्ट प्लेस भी माना जाता है। पोखरा में आप कई तरह की एडवेंचरस एक्टिविटीज का आनंद ले सकते हैं।

3. लुम्बिनी टूरिज्म

गौतम बुद्ध का जन्म स्थान लुम्बिनी हिमालय के पहाड़ों से घिरा एक बेहद शानदार पर्यटन स्थल है। आपकी जानकारी के लिए बता दें लुम्बिनी को यूनेस्को ने अपनी विश्व विरासत सूची में शामिल किया है। बौद्ध धर्म के अनुयायी लुम्बिनी शहर घूमने के लिए साल भर आते हैं। बौद्ध धर्म से जुड़े मठ और स्तूप लुम्बिनी को बेहद खास बनाते हैं।

4. पशुपति नाथ मंदिर

भगवान शिव को समर्पित पशुपति नाथ मंदिर नेपाल का सबसे बड़ा हिन्दू धार्मिक स्थल है। ये मंदिर काठमांडू से लगभग 3किलोमीटर दूर स्थित है। बागमती नदी के किनारे बने इस मंदिर को यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शामिल किया गया है। भारत से जाने वाले अधिकांश यात्रियों के बीच ये मंदिर विशेष रूप से प्रसिद्ध है।

pashupatinath mandir complex

pashupatinath mandir complex

5. चितवन नेशनल पार्क

यदि आप प्रकृति प्रेमी हैं तो आपको अपनी लिस्ट में नेपाल का चितवन नेशनल पार्क जरूर शामिल कर लेना चाहिए। ये नेशनल पार्क ना केवल नेपाल बल्कि एशिया का सबसे अच्छा नेशनल पार्क है। इस पार्क में आप बंगाल टाइगर और एक सींग वाला गेंडा जैसी कई लुप्तप्राय प्रजातियों को भी देख सकते हैं। यहां जंगल सफारी के दौरान आप हाथी और डोंगा की सवारी भी कर सकते हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article