Jodhpur Travel Guide in Hindi: जोधपुर आपके लिए परफेक्ट ट्रैवल डेस्टिनेशन है। राजस्थान का दूसरा सबसे बड़ा शहर जोधपुर जिसे ब्लू सिटी और सूर्य नगरी के नाम से जाना जाता है घूमने-फिरने वालों के लिए स्वर्ग से कम नहीं है। ना केवल भारत के कोने-कोने से बल्कि विदेश से भी पर्यटक यहां घूमने के लिए आते हैं। जोधपुर की यात्रा आपको कभी ना भूल पाने के एहसास के साथ ही पूरी तरह से मंत्रमुग्ध कर देगी। कैसे पहुंचें, घूमने की जगहें, खाने-पीने के विकल्प जोधपुर का एक पूरा यात्रा गाइड आपको यहां बताया गया है।
जोधपुर में घूमने की प्रमुख जगहें: भव्य किलों से लेकर आलीशान पैलेस तक जोधपुर में देखने के लिए बहुत कुछ है। मेहरानगढ़ किला, उमैद भवन पैलेस, जसवंत थड़ा, घड़ी बाजार, रावल गढ़ किला और मंडोर गार्डन यहां का प्रमुख आकर्षण है।
जोधपुर में क्या करें: रेगिस्तान में ऊंट की सवारी और सांस्कृतिक प्रदर्शन देखने के लिए आप जोधपुर के आसपास रेगिस्तानी सफारी का लुत्फ उठा सकते हैं। लोक संगीत और नृत्य का मजा लेने के लिए स्थानीय मेलों का हिस्सा बनें। स्थानीय व्यंजनों जैसे- दाल बाटी चूरमा, गट्टे की सब्जी, मिर्ची बड़ा, मावा कचौरी और राजस्थानी मिठाइयों का स्वाद लेना ना भूलें।
घूमने का बेस्ट टाइम: मानसून (जुलाई-सितंबर) के मौसम में आप जोधपुर घूमने का प्लान कर सकते हैं। बारिश के कारण सफर थोड़ा मुश्किल हो सकता है लेकिन हरियाली और सुंदरता देखने के लिए आप इस टाइम का चयन कर सकते हैं। वैसे जोधपुर घूमने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च तक का होता है इस दौरान मौसम सुखद और सुहावना होता है।
कैसे पहुंचें जोधपुर: जोधपुर रेलवे स्टेशन राजस्थान का एक बड़ा रेलवे जंक्शन है। जोधपुर एयरपोर्ट शहर से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। राजस्थान के आसपास के शहर जैसे जयपुर, उदयपुर, बीकानेर, अजमेर से नियमित बस सेवा जोधपुर के लिए उपलब्ध रहती है।
