आज के दौर में स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। ऑनलाइन पेमेंट से लेकर जरूरी कामों तक, ज्यादातर चीजों के लिए हम मोबाइल पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में अगर फोन चोरी हो जाए या खो जाए, तो परेशानी के साथ-साथ जेब पर भी बड़ा असर पड़ सकता है। नया स्मार्टफोन खरीदने में हजारों रुपये खर्च हो सकते हैं।
इसी तरह की परेशानी से बचने के लिए टेलीकॉम कंपनी Vodafone Idea यानी Vi अपने ग्राहकों को कुछ खास ऐड-ऑन रिचार्ज पैक दे रही है। इन पैक के साथ मोबाइल डेटा के अलावा हैंडसेट इंश्योरेंस का फायदा भी मिलता है। कंपनी के ये पैक ₹61, ₹201 और ₹251 की कीमत में आते हैं। इनमें फोन के लिए अधिकतम ₹25,000 तक का इंश्योरेंस कवर दिया जाता है। हालांकि, तीनों प्लान की कीमत, इंश्योरेंस की अवधि और डेटा बेनिफिट अलग-अलग हैं।
251 रुपये का Vi रिचार्ज
अगर आप लंबे समय तक फोन का इंश्योरेंस कवर चाहते हैं, तो Vi का ₹251 वाला ऐड-ऑन पैक एक विकल्प हो सकता है। इस प्लान में आपको 365 दिनों की वैलिडिटी मिलती है। इसमें आपको स्मार्टफोन खोने की स्थिति में 25,000 रुपये तक का कवर मिलता है। इसके अलावा इसमें आपको 10GB डेटा मिलता है जिसकी वैलिडिटी सिर्फ 30 दिन रहेगा।
आपको बता दें कि इस पैक को लेने के बाद इंश्योरेंस पार्टनर की तरफ से आने वाले SMS पर ध्यान देना जरूरी है। इंश्योरेंस का लाभ लेने के लिए मैसेज मिलने के 48 घंटे के अंदर रजिस्ट्रेशन पूरा करना होगा।
201 रुपये वाला प्लान
अगर आप कुछ महीनों के लिए ही एक मोबाइल इंश्योरेंस लेना चाहते हैं तो आप 201 रुपये वाला पैक ले सकते हैं। इस प्लान में भी आपको स्मार्टफोन खोने पर 25,000 रुपये तक का इंश्योरेंस कवर मिलता है। इसमें आपको 180 दिनों की वैलिडिटी मिलती है। इस प्लान में भी आपको 30 दिनों के लिए 10GB डेटा मिलता है। इस प्लान में भी आपको इंश्योरेंस एक्टिवेट कराने के लिए बीमा पार्टनर का SMS मिलने के 48 घंटे के भीतर रजिस्ट्रेशन करना जरूरी है।
61 रुपये का रिचार्ज प्लान
अगर आप ज्यादा पैसे खर्च नहीं करना चाहते और कम अवधि के लिए इंश्योरेंस कवर लेना चाहते हैं, तो Vi का 61 रुपये वाला पैक देख सकते हैं। वीआई के तीनों रिचार्ज प्लान्स में ये सबसे सस्ता प्लान है। इसमें आपको इंश्योरेंस कवर 30 दिनों के लिए मिलता है और अधिकतम 25,000 रुपये तक का इंश्योरेंस दिया जाता है। इस प्लान में आपको 15 दिनों के लिए 2GB डेटा मिलता है।
रिचार्ज से पहले इन बातों का रखें ध्यान
Vi के इन पैक को खरीदने से पहले कुछ बातें जानना जरूरी है। सबसे पहले, ये सामान्य रिचार्ज प्लान नहीं, बल्कि ऐड-ऑन पैक हैं। यानी इनके साथ कॉलिंग की सुविधा या सिम की सर्विस वैलिडिटी नहीं मिलती। आपके नंबर पर पहले से सक्रिय प्लान की वैलिडिटी अलग से होनी चाहिए।
दूसरी ध्यान रखने वाली बात यह है कि 25,000 रुपये तक का इंश्योरेंस मिलने का मतलब यह नहीं है कि फोन खोने पर हर ग्राहक को पूरी रकम मिल जाएगी। क्लेम की मंजूरी, मिलने वाली राशि और फोन की पात्रता बीमा कंपनी के नियमों पर निर्भर करेगी।
इसके अलावा, बीमा पार्टनर का SMS मिलने के 48 घंटे के भीतर रजिस्ट्रेशन पूरा करना जरूरी है। रजिस्ट्रेशन के बाद ही हैंडसेट की बीमित वैल्यू और लागू शर्तों की जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। अगर फोन इंश्योरेंस की शर्तों के मुताबिक पात्र नहीं है, तो रिफंड भी केवल तय नियमों के अनुसार ही मिलेगा।
