यात्रा

IRCTC: रामलला के दिव्य दर्शन का सुनहरा अवसर, अयोध्या यात्रा का बनाएं प्लान

IRCTC: रामलला के दिव्य दर्शन का सुनहरा अवसर आपके लिए है। आईआरसीटीसी ने 2 दिन का शानदार टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है जिसके तहत आपको सरयू घाट, रामलला मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन की यात्रा करवाई जाएगी।

Image

रामलला के दिव्य दर्शन का सुनहरा अवसर (फोटो: AI)

IRCTC: भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी ने रामलला के दिव्य दर्शन के लिए 2 दिन का शानदार टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है। इस टूर पैकेज का नाम- 'RAM LALLA DARSHAN AYODHYA' है। अयोध्या उत्तर प्रदेश का एक पवित्र और ऐतिहासिक शहर है, जो पावन सरयू नदी के किनारे बसा हुआ है। यदि आप आध्यात्मिक शांति और भक्ति का अनुभव करना चाहते हैं, तो यह यात्रा आपके लिए बेहद खास साबित हो सकती है। सरयू घाट, रामलला मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन की यात्रा आपको करवाई जाएगी।

पहला दिन: दिल्ली से अयोध्या की यात्रा

यात्रा की शुरुआत दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से सुबह 6:10 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 22426) से होगी। सफर के दौरान आपको नाश्ता और दोपहर का भोजन ट्रेन में ही परोसा जाएगा। दोपहर लगभग 2:30 बजे अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद आपको होटल ले जाया जाएगा। होटल में चेक-इन करने के बाद कुछ समय आराम करें।

शाम के समय पवित्र सरयू घाट के दर्शन के लिए ले जाया जाएगा। यदि आप सरयू स्नान करना चाहते हैं, तो अपने साथ अतिरिक्त कपड़े अवश्य रखें। इसके बाद भगवान श्रीराम के भव्य रामलला मंदिर में दर्शन का अवसर मिलेगा। मंदिर की दिव्यता और आध्यात्मिक वातावरण आपके मन को भक्ति से भर देगा। रात का भोजन होटल में होगा और वहीं रात्रि विश्राम किया जाएगा।

दूसरा दिन: अयोध्या दर्शन और वापसी

सुबह होटल में नाश्ते के बाद अयोध्या के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों हनुमानगढ़ी और कनक भवन के दर्शन कराए जाएंगे। इन दोनों मंदिरों का अयोध्या की धार्मिक परंपरा में विशेष महत्व है। दोपहर 12 बजे होटल से चेक-आउट करने के बाद होटल में ही दोपहर का भोजन कराया जाएगा।

इसके बाद आपको अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचाया जाएगा, जहां से दोपहर 3:20 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22425) द्वारा दिल्ली के लिए प्रस्थान होगा। रात लगभग 11:40 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचने के साथ आपकी यह यादगार और आध्यात्मिक यात्रा सम्पन्न होगी।

पैकेज से जुड़ी अन्य जानकारी

खर्चे की बात करें तो सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप आपको ₹16170 में पड़ेगी। डबल और ट्रिपल शेयरिंग में किराया क्रमश: ₹10950 और ₹9700 तय किया गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चों के लिए किराया ₹9360 है।

आईआरसीटीसी की वेबसाइट या फिर मोबाइल एप्प के माध्यम से आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। इस पैकेज का कोड NDR012 है। ज्यादा जानकारी के लिए आप आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट पर या इन नंबरों पर- 9717641764,9717648888 संपर्क कर सकते हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article