IRCTC Package: भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी ने 'Char Dham Yatra From Bhopal' नाम से बेहद शानदार टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है। इस टूर पैकेज के तहत आपको कम बजट में चार धाम यात्रा (Char Dham Yatra) करने का मौका मिल रहा है। 13 दिन का ये टूर पैकेज रहने वाला है। 5 मई 2026 को भोपाल से देहरादून के लिए आपको फ्लाइट लेनी है। देहरादून पहुंचने के बाद वहां से मसूरी के लिए रवाना होना है।
अगले दिन सुबह नाश्ते के बाद मसूरी से निकलकर यमुना घाटी की ओर बढ़ेंगे। रास्ते में केम्पटी फॉल (झरना) का दर्शन करेंगे। शाम तक राणाचट्टी पहुंचकर होटल में ठहरेंगे, भोजन और रात्रि विश्राम यहीं होगा।
तीसरे दिन सुबह जल्दी निकलकर जानकी चट्टी पहुंचेंगे, जो यमुनोत्री का आधार स्थान है। यहां से आप अपने खर्च पर घोड़ा, पालकी या पैदल लगभग छह किलोमीटर की चढ़ाई कर सकते हैं। यमुनोत्री मंदिर (ऊंचाई लगभग 3120 मीटर) पहुंचकर माता यमुना के दर्शन और पूजा करेंगे। मंदिर के पास गरम जल कुंड भी प्रमुख आकर्षण हैं। दर्शन के बाद वापस जानकी चट्टी लौटकर राणाचट्टी में रात्रि विश्राम करेंगे।
इसके बाद नाश्ते के बाद राणाचट्टी से निकलकर हर्षिल घाटी की ओर बढ़ेंगे। रास्ते में उत्तरकाशी स्थित विश्वनाथ मंदिर के दर्शन करेंगे। शाम तक हर्षिल पहुंचकर होटल में ठहराव और विश्राम रहेगा। अगले दिन सुबह नाश्ते के बाद गंगोत्री के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां गंगोत्री मंदिर और भागीरथी नदी के किनारे सुंदर दृश्य देखने को मिलेंगे। दर्शन के बाद वापस उत्तरकाशी लौटकर होटल में ठहरेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे।
इसके बाद सुबह नाश्ते के बाद लंबी यात्रा करते हुए टिहरी बांध और श्रीनगर होते हुए सोनप्रयाग पहुंचेंगे। शाम को होटल में ठहराव और विश्राम रहेगा। अगले दिन सुबह जल्दी निकलकर गौरीकुंड पहुंचेंगे, जहां से केदारनाथ की यात्रा शुरू होती है। यहां से आप अपने खर्च पर घोड़ा, पालकी या हेलीकॉप्टर का विकल्प ले सकते हैं। इसके बाद केदारनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन करेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। आगे की यात्रा भी आपकी बेहद शानदार होगी।
ब्रेकफास्ट और डिनर का खर्चा पैकेज में ही शामिल है। सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप आपको 92800 रुपए में पड़ेगी। डबल और ट्रिपल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया क्रमश: 69800 और 67300 रुपए तय किया गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चे के लिए किराया 67300 है।
इस पैकेज का कोड WBA072 है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाकर आप पैकेज के लिए बुकिंग कर सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप इन नंबरों (9321901865, 9321901866, 8287931711) पर संपर्क कर सकते हैं।
