IRCTC 7 Jyotirling Yatra 2026 : भारत में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए IRCTC समय-समय पर खास तीर्थ यात्राएं आयोजित करता है। इसी कड़ी में मई 2026 में 'भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन' के तहत 7 ज्योतिर्लिंग यात्रा शुरू की जा रही है। यह यात्रा उन श्रद्धालुओं के लिए बेहतरीन मौका है, जो कम समय में कई ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करना चाहते हैं। करीब 11 रात और 12 दिनों की यह यात्रा दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होगी और देश के अलग-अलग राज्यों में स्थित प्रमुख धार्मिक स्थलों तक जाएगी।
इन ज्योतिर्लिंगों के कर सकेंगे दर्शन
इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग (उज्जैन), ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग (खंडवा), नागेश्वर ज्योतिर्लिंग (द्वारका), सोमनाथ ज्योतिर्लिंग (वेरावल), त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग (नासिक), भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग (पुणे) और घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग (छत्रपति संभाजीनगर) के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही द्वारकाधीश मंदिर और बेट द्वारका भी इस यात्रा का हिस्सा हैं।
क्या-क्या रहेंगी सुविधाएं
इस स्पेशल ट्रेन में लगभग 750 यात्रियों के लिए सीटें उपलब्ध होंगी। यात्रियों के लिए एसी टू टियर, एसी थ्री टियर और स्लीपर क्लास के ऑप्शन दिए गए हैं, ताकि हर बजट के लोग इस यात्रा का हिस्सा बन सकें। सुरक्षा के लिए ट्रेन में सीसीटीवी निगरानी और हर कोच में सिक्योरिटी गार्ड तैनात रहेंगे। यात्रा पैकेज में ट्रेन यात्रा, होटल स्टे, शुद्ध शाकाहारी भोजन, लोकल ट्रांसपोर्ट, साइटसीइंग, ट्रैवल इंश्योरेंस और टूर मैनेजर की सुविधा शामिल है। यानी पूरी यात्रा आरामदायक और प्लान्ड तरीके से करवाई जाएगी।
क्या होगा किराया और कैसे करें बुकिंग?
इस पैकेज की कीमत क्लास के हिसाब से तय की गई है। एसी टू टियर के लिए ₹48,500, एसी थ्री टियर के लिए ₹36,560 और स्लीपर क्लास के लिए ₹23,505 शुल्क रखा गया है। यह यात्रा 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर उपलब्ध होगी, इसलिए जल्दी बुकिंग करना जरूरी है। बुकिंग ऑनलाइन आईआरसीटी बेवसाइट या एप से की जा सकती है।
आस्था और पर्यटन का अनोखा संगम
भारत गौरव ट्रेन की यह पहल आस्था, संस्कृति और पर्यटन का बेहतरीन मिश्रण है। अलग-अलग राज्यों में स्थित ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करना आमतौर पर समय और खर्च दोनों के हिसाब से मुश्किल होता है, लेकिन इस एक यात्रा के जरिए यह आसान हो गया है। जो श्रद्धालु लंबे समय से ज्योतिर्लिंग यात्रा की योजना बना रहे थे, उनके लिए यह एक शानदार मौका है। कम समय में कई पवित्र स्थलों के दर्शन, सुरक्षित यात्रा और सभी सुविधाओं के साथ यह यात्रा एक यादगार अनुभव बन सकती है।
कुल मिलाकर, IRCTC की यह पहल न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दे रही है, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत को भी एक नई पहचान दे रही है। अगर आप भी एक यादगार और आध्यात्मिक यात्रा की तलाश में हैं, तो यह '7 ज्योतिर्लिंग यात्रा' आपके लिए एक शानदार अवसर साबित हो सकती है।
