यात्रा

इकोनॉमी के दाम में होगा बिजनेस क्लास का सफर, जानें फ्लाइट बुकिंग के स्मार्ट स्टेप्स

बिजनेस क्लास में सफर करना काफी महंगा होता है, लेकिन अब आप भी बिजनेस क्लास का मजा इकोनॉमी क्लास के पैसे में ले सकते हैं। जी हां आज हम आपको फ्लाइट बुकिंग के कुछ स्मार्ट स्टेप्स बताने जा रहे हैं, जो आपकी फ्लाइट बुकिंग को सस्ता बना सकते हैं।

Image

इकोनॉमी के दाम में बिजनेस क्लास का सफर!

How To get Cheap Business Class Flight: बिजनेस क्लास में सफर करना हर किसी के लिए काफी खास होता है, लेकिन टिकट की भारी कीमत अक्सर हमें इकोनॉमी क्लास तक सीमित कर देती है। मगर समझदारी, स्मार्ट ट्रिक्स और थोड़ी-बहुत प्लानिंग से इकोनॉमी टिकट के बजट में भी बिजनेस क्लास का मजा उठाया जा सकता है। जी हां आज हम आपके लिए फ्लाइट बुकिंग के कुछ ऐसे ही टिप्स लेकर आए हैं जो आपकी अगली हवाई यात्रा को कम खर्च में शानदार बना सकते हैं। तो चलिए जानते हैं कैसे करें स्मार्ट टिकट बुकिंग...

सिस्टम की खामियों पर नजर

कभी-कभी एयरलाइन की वेबसाइट पर 'एरर फेयर' दिख जाता है। यानी बिजनेस क्लास की सीट गलती से बहुत कम कीमत में लिस्ट हो जाती है। तो ऐसा मौका अपने हाथ से बिल्कुल न जाने दें उसी समय अपनी टिकट बुक कर लें। हालांकि आपको ध्यान रखना चाहिए कि ऐसा अक्सर सिस्टम अपडेट के समय या देर रात में होता है। तो आप समय का ध्यान रखें और सस्ते में टिकट बुक करें।

विदेशी वेबसाइट का इस्तेमाल

अक्सर एक ही फ्लाइट का किराया अलग-अलग देशों में अलग-अलग दिखाया जाता है। क्योंकि दुनिया के अलग-अलग देशों में टिकट के दाम तय करने के नियम अलग-अलग हो सकते हैं। इसलिए आप किसी विदेशी वेबसाइट और VPN की मदद से फ्लाइट बुक करें। इस तरह भी आपको सस्ती टिकट मिलने की संभावना काफी बढ़ जाएगी।

क्रेडिट कार्ड और रिवॉर्ड पॉइंट का इस्तेमाल

कई बैंक अपने क्रेडिट कार्ड होल्डर कस्टमर्स को काफी सुविधाएं मुहैया कराते हैं। अक्सर लोग इन सुविधाओं पर ध्यान नहीं देते हैं। यदि आप क्रेडिट कार्ड होल्ड करते हैं, तो बुकिंग करने से पहले अपने कार्ड से जुड़े सभी नियमों को जरूर जान लें। आपको मिले अपग्रेड वाउचर, रिवॉर्ड पॉइंट्स और माइल्स से भी आप टिकट को इकोनॉमी से बिजनेस क्लास में अपग्रेड करा सकते हैं।

मिक्स्ड केबिन बुकिंग

बिजनेस क्लास में पूरा सफर बुक करने के बजाय आप 'मिक्स्ड केबिन बुकिंग' चुन सकते हैं। इसमें लंबा सफर बिजनेस क्लास में और बाकी छोटा हिस्सा इकोनॉमी में होता है। इस तरह आपको एयरपोर्ट पर सभी सुविधाएं (लाउंज एक्सेस, अतिरिक्त सामान आदि) बिजनेस क्लास की मिलती हैं और ज्यादातर सफर भी बिजनेस क्लास में करने को मिलता है।

तो अगली ट्रिप प्लान करते समय टिकट बुकिंग करने से पहले इन कुछ टिप्स को फॉलो कर आप टिकट बुकिंग पर काफी हद तक बचत कर सकते हैं। ये सभी तरीके आपको इकोनॉमी के दाम में बिजनेस क्लास का फील दिला सकते हैं।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article