Times Now Navbharat
live-tv
Premium

Inflation Impact: प्याज ने निकाले आंसू, चीनी और तेल ने बढ़ाई टेंशन! एक साल में कितना महंगा हुआ आपका राशन?

CPI के आंकड़ों में महंगाई भले ही 6% बढ़ी है। लेकिन, इसका रियल लाइफ इम्पैक्ट कहीं ज्यादा है। क्योंकि, रोजमर्रा की तमाम चीजों के दाम बेतहाशा बढ़े हैं, जिससे खासतौर पर रसोई ने पूरे घर का बजट बिगाड दिया है।

Image
महंगाई ने किया बेहाल
Authored by: यतींद्र लवानिया
Updated Nov 26, 2026, 15:39 IST
Follow on Google News

Inflation Impact in a Year: पिछले एक साल में आपकी रसोई का बजट कितना बिगड़ा है? महीने का राशन खरीदने जाते समय क्या आपको भी पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं? भले ही आपने कभी पूरा हिसाब नहीं लगाया हो, लेकिन आपका बटुआ बार-बार यह बता रहा होगा कि महंगाई बहुत बढ़ गई है। बटुए की यह बात पूरी तरह सच है। यहां तक कि सरकारी आंकड़े भी इस बात की तस्दीक करते हैं कि ज्यादातर जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतों में एक साल के दौरान तेज उछाल आया है।

केंद्रीय उपभोक्ता मामले विभाग के प्राइस मॉनिटरिंग डिवीजन के 25 नवंबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, केंद्रीय उपभोक्ता मामले विभाग के 25 नवंबर 2026 के आंकड़े बताते हैं कि पिछले एक साल में रोजमर्रा की कई जरूरी खाद्य वस्तुएं महंगी हुई हैं। प्याज की औसत खुदरा कीमत करीब 99.3% बढ़ गई है। चीनी 30.8%, अरहर दाल 17.8% और सरसों तेल 16.3% महंगा हुआ है।

सब्जियां: प्याज ने निकाले आंसू, आलू-टमाटर हुए सस्ते

सब्जियों की कैटेगरी में सबसे ज्यादा चौंकाने वाला बदलाव प्याज की कीमत में आया है। एक साल में प्याज की औसत खुदरा कीमत करीब दोगुनी हो गई है। वहीं, आलू और टमाटर के दाम कम हुए हैं। इसका मतलब है कि सब्जियों की महंगाई का असर हर सब्जी पर एक जैसा नहीं रहा।

25 नवंबर 2025 को प्याज की औसत कीमत 26.91 रुपये प्रति किलो थी। 25 नवंबर 2026 को यह बढ़कर 53.63 रुपये हो गई। यानी एक किलो प्याज के लिए अब 26.72 रुपये ज्यादा खर्च करने पड़ रहे हैं। प्रतिशत में देखें तो प्याज करीब 99.3% महंगा हुआ है।

दूसरी तरफ, टमाटर की कीमत 52.22 रुपये से घटकर 38.62 रुपये प्रति किलो रह गई है। यानी करीब 26% की गिरावट आई है। आलू भी 27.06 रुपये से घटकर 23.03 रुपये प्रति किलो हो गया है। बैंगन की कीमत में भी करीब 6.7% की कमी दर्ज की गई है।

सब्जी25 नवंबर 202525 नवंबर 2026सालाना बदलाव
आलू (1 किलो)₹27.06₹23.0314.9% सस्ता
प्याज (1 किलो)₹26.91₹53.6399.3% महंगा
टमाटर (1 किलो)₹52.22₹38.6226.0% सस्ता
बैंगन (1 किलो)₹47.11₹43.956.7% सस्ता
सब्जियों की महंगाई का घरेलू बजट पर सीधा असर समझिए। कोई परिवार महीने में 5 किलो प्याज खरीदता है तो पिछले साल इसके लिए करीब 135 रुपये खर्च होते थे। अब इसी मात्रा के लिए लगभग 268 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। यानी केवल प्याज की वजह से महीने का खर्च करीब 134 रुपये बढ़ गया है।

दालें: अरहर और उड़द ने बढ़ाई थाली की कीमत

भारतीय रसोई में दाल रोजाना के भोजन का अहम हिस्सा है। ऐसे में इसकी कीमतों में बढ़ोतरी सीधे घरेलू बजट को प्रभावित करती है। पिछले एक साल में अरहर दाल की कीमत सबसे ज्यादा बढ़ी है। उड़द और चना दाल भी महंगी हुई हैं।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अरहर यानी तूर दाल की कीमत 115.71 रुपये से बढ़कर 136.28 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। यानी एक किलो पर 20.57 रुपये ज्यादा खर्च करने पड़ रहे हैं। प्रतिशत में यह बढ़ोतरी करीब 17.8% है।

उड़द दाल भी 113.65 रुपये से बढ़कर 126.92 रुपये प्रति किलो हो गई है। चना दाल की कीमत 86.74 रुपये से बढ़कर 95.88 रुपये पहुंच गई है। वहीं, मूंग और मसूर दाल की कीमतों में तुलनात्मक रूप से कम बढ़ोतरी हुई है।

दाल

25 नवंबर 2025

25 नवंबर 2026

सालाना बदलाव

भारत दाल (1 किलो)

₹82.73

₹90.50

9.4% महंगी

चना दाल (1 किलो)

₹86.74

₹95.88

10.5% महंगी

अरहर दाल (1 किलो)

₹115.71

₹136.28

17.8% महंगी

उड़द दाल (1 किलो)

₹113.65

₹126.92

11.7% महंगी

मूंग दाल (1 किलो)

₹110.30

₹115.36

4.6% महंगी

मसूर दाल (1 किलो)

₹89.61

₹91.02

1.6% महंगी

यानी अगर कोई परिवार महीने में 2 किलो अरहर दाल खरीदता है तो उसे पिछले साल के मुकाबले करीब 41 रुपये ज्यादा खर्च करने पड़ रहे हैं। इसके अलावा चना और उड़द दाल की बढ़ी कीमतें भी मासिक राशन बिल पर दबाव डाल रही हैं।

खाने का तेल: सरसों, सोया और सूरजमुखी सब हुए महंगे

रसोई के खर्च में खाने के तेल की अहम हिस्सेदारी होती है। चाहे सब्जी बनानी हो या कुछ तलना हो, इसका इस्तेमाल रोजाना होता है। ऐसे में तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर महीने के बजट पर पड़ना तय है।

पिछले एक साल में सरसों तेल की औसत खुदरा कीमत 186.68 रुपये से बढ़कर 217.16 रुपये प्रति किलो हो गई है। यानी इसमें करीब 16.3% की बढ़ोतरी हुई है।

सोया तेल भी 146.61 रुपये से बढ़कर 170.15 रुपये प्रति किलो हो गया है। सूरजमुखी तेल का भाव 164.91 रुपये से बढ़कर 191.14 रुपये पहुंच गया है। मूंगफली और पाम ऑयल भी महंगे हुए हैं।

तेल की किस्म25 नवंबर 202525 नवंबर 2026सालाना बदलाव
मूंगफली तेल (1 किलो)₹187.96₹212.3613.0% महंगा
सरसों तेल (1 किलो)₹186.68₹217.1616.3% महंगा
सोया तेल (1 किलो)₹146.61₹170.1516.1% महंगा
सूरजमुखी तेल (1 किलो)₹164.91₹191.1415.9% महंगा
पाम ऑयल (1 किलो)₹132.71₹152.3414.8% महंगा
वनस्पति (1 किलो)₹156.16₹170.489.2% महंगा
ध्यान देने वाली बात है कि तेल की सभी प्रमुख किस्मों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। अगर कोई परिवार हर महीने 2 किलो सरसों तेल खरीदता है तो उसे अब इसी मात्रा के लिए पिछले साल के मुकाबले करीब 61 रुपये ज्यादा देने पड़ रहे हैं।

खाद्यान्न: चावल में ज्यादा तेजी, गेहूं-आटा में मामूली बढ़ोतरी

दाल और सब्जियों के बाद राशन के खर्च में सबसे अहम हिस्सा खाद्यान्न का होता है। चावल, गेहूं और आटे की कीमतें बढ़ने का असर लगभग हर परिवार पर पड़ता है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, चावल की कीमत 43.24 रुपये से बढ़कर 48.27 रुपये प्रति किलो हो गई है। यानी इसमें करीब 11.6% की बढ़ोतरी हुई है।

वहीं, गेहूं का भाव 31.76 रुपये से बढ़कर 32.71 रुपये और गेहूं के आटे की कीमत 37.20 रुपये से बढ़कर 38.19 रुपये प्रति किलो हो गई है। यानी गेहूं और आटे में क्रमश: करीब 3% और 2.7% की बढ़ोतरी हुई है। मोटे अनाजों की कीमतों में भी बदलाव आया है। ज्वार करीब 7.5% और रागी करीब 4.6% महंगे हुए हैं।

खाद्यान्न25 नवंबर 202525 नवंबर 2026सालाना बदलाव
चावल (1 किलो)₹43.24₹48.2711.6% महंगा
गेहूं (1 किलो)₹31.76₹32.713.0% महंगा
आटा (1 किलो)₹37.20₹38.192.7% महंगा
बाजरा (1 किलो)₹37.98₹38.932.5% महंगा
ज्वार (1 किलो)₹43.57₹46.837.5% महंगा
रागी (1 किलो)₹53.60₹56.044.6% महंगा
मैदा (1 किलो)₹41.85₹43.133.1% महंगा
सूजी (1 किलो)₹46.95₹47.882.0% महंगी
इस कैटेगरी में चावल की कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यानी रोजाना चावल खाने वाले परिवारों को भी अब पहले से ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है।

दूध, घी, मक्खन और अंडे: रोज के नाश्ते का खर्च भी बढ़ा

दूध और डेयरी उत्पादों की कीमतों में भी पिछले एक साल में बढ़ोतरी हुई है। यह उन परिवारों के लिए खास मायने रखता है जहां बच्चों और बुजुर्गों के लिए दूध की नियमित खपत होती है। एक लीटर दूध की औसत खुदरा कीमत 59.16 रुपये से बढ़कर 62.28 रुपये पहुंच गई है। यानी करीब 5.3% की बढ़ोतरी हुई है।

खाद्य वस्तु25 नवंबर 202525 नवंबर 2026सालाना बदलाव
दूध (1 लीटर)₹59.16₹62.285.3% महंगा
अंडे (1 दर्जन)₹81.36₹86.155.9% महंगे
देसी घी (1 किलो)₹674.26₹718.116.5% महंगा
मक्खन (100 ग्राम)₹59.14₹61.824.5% महंगा
अंडे की कीमत में भी इजाफा हुआ है। एक दर्जन अंडों का औसत भाव 81.36 रुपये से बढ़कर 86.15 रुपये हो गया है। वहीं देसी घी 674.26 रुपये से बढ़कर 718.11 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। इसका मतलब है कि रोजाना दूध खरीदने वाले परिवारों के साथ-साथ अंडे और डेयरी उत्पाद इस्तेमाल करने वालों के बजट पर भी असर पड़ा है।

चीनी, गुड़ और मसाले भी हुए महंगे

राशन की खरीदारी में चीनी, गुड़ और मसाले भी नियमित तौर पर शामिल रहते हैं। पिछले एक साल में इनकी कीमतों में भी तेजी देखने को मिली है।चीनी की कीमत 46.54 रुपये से बढ़कर 60.86 रुपये प्रति किलो हो गई है। यानी करीब 30.8% की बढ़ोतरी हुई है। यह प्याज के बाद प्रमुख रोजमर्रा की वस्तुओं में सबसे बड़ी बढ़ोतरी में से एक है।

गुड़ भी 57.29 रुपये से बढ़कर 67.58 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। वहीं साबुत धनिया की कीमत 250 ग्राम के लिए 37.41 रुपये से बढ़कर 45.87 रुपये हो गई है। यानी करीब 22.6% की बढ़ोतरी।

खाद्य वस्तु25 नवंबर 202525 नवंबर 2026सालाना बदलाव
चीनी (1 किलो)₹46.54₹60.8630.8% महंगी
गुड़ (1 किलो)₹57.29₹67.5818.0% महंगा
साबुत धनिया (250 ग्राम)₹37.41₹45.8722.6% महंगा
साबुत लाल मिर्च (100 ग्राम)₹27.57₹30.9112.1% महंगी
काली मिर्च (100 ग्राम)₹87.34₹89.362.3% महंगी
हल्दी पाउडर (50 ग्राम)₹16.24₹16.894.0% महंगी
जीरा (100 ग्राम)₹41.41₹40.921.2% सस्ता
आयोडीन नमक (1 किलो)₹21.50₹22.504.7% महंगा
चाय (1 किलो)₹273.71₹274.900.4% महंगी

महीने के राशन पर कितना बढ़ा खर्च?

अब सवाल है कि इन आंकड़ों का आम परिवार के बजट पर कितना असर पड़ रहा है? इसे समझने के लिए एक उदाहरण लेते हैं। मान लीजिए कोई परिवार हर महीने 5 किलो प्याज, 5 किलो चीनी, 2 किलो अरहर दाल, 30 लीटर दूध, 5 किलो चावल और 2 किलो सरसों तेल खरीदता है। अगर यही सामान पिछले साल की औसत कीमतों पर खरीदा जाता तो इन छह चीजों का खर्च करीब 2,963 रुपये आता। वहीं 25 नवंबर 2026 की कीमतों के हिसाब से यही सामान खरीदने पर करीब 3,389 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। यानी सिर्फ इन छह वस्तुओं पर ही मासिक खर्च करीब 426 रुपये बढ़ सकता है।

सामानमासिक खपतपिछले साल का खर्चमौजूदा खर्च
प्याज5 किलो₹134.55₹268.15
चीनी5 किलो₹232.70₹304.30
अरहर दाल2 किलो₹231.42₹272.56
दूध30 लीटर₹1,774.80₹1,868.40
चावल5 किलो₹216.20₹241.35
सरसों तेल2 किलो₹373.36₹434.32
कुल₹2,963.03₹3,389.08
यह बताता है कि एक परिवार की नियमित खरीदारी में कीमतों का छोटा-बड़ा बदलाव मिलकर कितना असर डाल सकता है। यह कोई सरकारी घरेलू बजट सर्वे नहीं है। वास्तविक खर्च परिवार की जरूरत, खपत और स्थानीय बाजार की कीमतों के मुताबिक अलग होगा।
End of Article