बिजनेस

गांव में है अपना मकान, क्या शहर में घर खरीदने के लिए भी मिलेगा PMAY का लाभ?

देश में गरीब लोगों को छत मुहैया कराने के लिए केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आर्थिक मदद देती है।

Image

प्रधानमंत्री आवास योजना

देश के वैसे लोग जो खुद घर खरीदने में सक्षम नहीं हैं, उनको सरकार सहायता मुहैया कराती है। यह सहायता 'प्रधानमंत्री आवास योजना' के तहत मुहैया कराई जाती है। अबतक लाखों परिवार को मदद दी जा चुकी है। अब बड़ा सवाल यह है कि अगर आपके पास गांव में घर है तो क्या आप शहर में घर खरीदने में इस सरकारी स्कीम का फायदा उठा सकते हैं। आइए जानते हैं क्या कहता है नियम?

PMAY स्कीम क्या है?

PMAY एक सरकारी आवास योजना है, जिसका उद्देश्य पात्र परिवारों को कम लागत पर घर खरीदने, बनाने या किराए पर लेने में मदद करना है। यह योजना उन परिवारों को आवास संबंधी सहायता देने के लिए बनाई गई है, जिनके पास अपना कोई पक्का घर नहीं है। इस योजना का एक अलग शहरी संस्करण भी है, जिसे 'PMAY-अर्बन 2.0' (PMAY-Urban 2.0) कहा जाता है, जो शहरों में रहने वाले परिवारों को कवर करता है।

PMAY के लिए पात्रता मानदंड क्या है?

यह योजना शहरी क्षेत्रों में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), निम्न आय वर्ग (LIG) और मध्यम आय वर्ग (MIG) के परिवारों के लिए है। पात्र परिवार घर खरीदने, बनाने या किराए पर लेने के लिए सहायता हेतु आवेदन कर सकते हैं।

शहरी क्षेत्रों में रहने वाले EWS/LIG/MIG वर्गों के ऐसे परिवार, जिनके पास देश में कहीं भी अपने या अपने परिवार के किसी सदस्य के नाम पर कोई पक्का घर नहीं है, वे PMAY-U 2.0 के तहत घर खरीदने, बनाने या किराए पर लेने के पात्र हैं।

उदाहरण के लिए, अगर कोई परिवार दिल्ली में किराए के घर में रहता है, लेकिन गांव में उसका अपना पक्का घर है, तो वह PMAY-U 2.0 के लिए पात्र नहीं होगा। हालांकि, ऐसे परिवार जिनके पास भारत में कहीं भी कोई पक्का घर नहीं है, वे आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते वे अन्य पात्रता शर्तों को पूरा करते हों।

पक्का घर नहीं होने पर भी मदद

आवेदक या उनके परिवार के किसी भी सदस्य के पास भारत में कहीं भी कोई पक्का घर नहीं होना चाहिए। यह नियम तब भी लागू होता है, जब परिवार के पास गांव में कोई घर हो, लेकिन वे शहर में दूसरा घर खरीदना चाहते हों।

जिन लोगों के घर पहले की PMAY-Urban योजना के तहत मंजूर किए गए थे, लेकिन बाद में 31 दिसंबर 2023 के बाद 'सेंट्रल सैंक्शनिंग एंड मॉनिटरिंग कमिटी' (CSMC) द्वारा रद्द कर दिए गए थे, उन्हें PMAY-U 2.0 के तहत घर मंजूर नहीं किया जा सकता।

पक्का घर क्या होता है?

पक्का घर एक स्थायी घर होता है, जिसकी दीवारें और छत मजबूत और टिकाऊ सामग्री से बनी होनी चाहिए। इसमें पकी हुई ईंटें, सीमेंट या चूने से जुड़े पत्थर, सीमेंट कंक्रीट, लकड़ी, गैल्वनाइज्ड आयरन शीट, एस्बेस्टस शीट और मशीन से बनी टाइलें शामिल हैं। अगर घर का फर्श कच्चा भी है, तो भी उसे पक्का घर माना जा सकता है, बशर्ते उसकी छत और दीवारें योजना के तहत तय शर्तों को पूरा करती हों।

कब तक आवेदन किया जा सकता है?

PMAY-Urban 2.0 योजना पांच साल तक, यानी 2024 से 2029 तक चलेगी। इस दौरान, पात्र परिवार योजना के तहत आवास लाभ के लिए आवेदन कर सकते हैं। लाभार्थी परिवार में पति, पत्नी और उनके अविवाहित बच्चे शामिल होते हैं।

राज्य और केंद्र शासित प्रदेश (UTs) PMAY-U 2.0 का हिस्सा बन सकते हैं। जो लोग इस योजना से जुड़ना चाहते हैं, वे एक समझौता कर सकते हैं, जिसे 'मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट' (MoA) कहा जाता है।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article