बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने कॉफी डे एंटरप्राइजेज लिमिटेड (CDEL) में कथित वित्तीय अनियमितताओं और धन की हेराफेरी की जांच के लिए फॉरेंसिक ऑडिटर नियुक्त किया है। यह कदम प्रतिभूति अपीलीय न्यायाधिकरण (SAT) के निर्देश के बाद उठाया गया है। दरअसल, मामले में कॉफी डे एंटरप्राइजेज की सात सहायक कंपनियों से करीब 3,535 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी कर इस रकम को कंपनी के प्रवर्तकों से जुड़ी इकाई मैसूर अमलगमेटेड कॉफी एस्टेट्स लिमिटेड (MACEL) में स्थानांतरित करने का आरोप है।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि SAT के 5 नवंबर, 2026 के आदेश के बाद सेबी ने 25 नवंबर, 2026 को पत्र जारी कर इस नियुक्ति की सूचना दी। इसके तहत जांच प्राधिकरण की मदद के लिए CLA Indus Value Consulting को फॉरेंसिक ऑडिटर बनाया गया है। कंपनी के मुताबिक, उसका निदेशक मंडल मामले में आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई करेगा।
SAT ने 26 करोड़ रुपये का जुर्माना किया था रद्द
इससे पहले 5 नवंबर को प्रतिभूति अपीलीय न्यायाधिकरण ने सेबी के पूर्णकालिक सदस्य (WTM) द्वारा पारित आदेश को रद्द कर दिया था। साथ ही नियामक को छह महीने के भीतर मामले की नए सिरे से जांच पूरी करने और कानून के मुताबिक उचित आदेश पारित करने का निर्देश दिया था।
यह फैसला कॉफी डे एंटरप्राइजेज की ओर से दायर अपील पर आया था। कंपनी ने सेबी के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें कथित प्रतिभूति कानूनों के उल्लंघन के मामले में सेबी अधिनियम, 1992 की धारा 15HA और 15HB के तहत 26 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
शेयरधारकों के हितों की सुरक्षा पर जोर
SAT ने अपने आदेश में कहा था कि कॉफी डे समूह और उसके प्रवर्तकों से जुड़े कथित धन हस्तांतरण की पूरी प्रक्रिया की स्वतंत्र, निष्पक्ष और व्यापक जांच जरूरी है। न्यायाधिकरण ने सेबी को इस मामले में शामिल विभिन्न पक्षों की भूमिका का पता लगाने और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई पर विचार करने को भी कहा था।
इसके अलावा, SAT ने विशेष रूप से निर्देश दिया था कि कंपनी के सार्वजनिक शेयरधारकों को हुए संभावित नुकसान की भरपाई के लिए पर्याप्त कदम उठाने पर विचार किया जाए। अब फॉरेंसिक ऑडिटर की नियुक्ति के बाद इस मामले की जांच आगे बढ़ने की उम्मीद है। जांच में कथित धन हस्तांतरण की प्रक्रिया, संबंधित कंपनियों और इसमें शामिल पक्षों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी।
(इनपुट-भाषा)
