क्या आपने कभी खुले आसमान के नीचे रेत पर बैठकर रात बिताने का सपना देखा है? अगर हां, तो दिसंबर का महीना आपके लिए शानदार मौका लेकर आता है। आमतौर पर लोग सर्दियों में पहाड़ों पर घूमने का प्लान बनाते हैं, लेकिन रेगिस्तान की सैर भी किसी खूबसूरत अनुभव से कम नहीं होती। यहां दिन में हल्की धूप, शाम को ठंडी हवाएं और रात में आसमान पर चमकते अनगिनत सितारे आपका दिल जीत सकते हैं।
सबसे खास बात यह है कि रेगिस्तान में कैंपिंग के दौरान आपको शहरों के शोर से दूर कुछ सुकून भरे पल बिताने का मौका मिलता है। टेंट में रुकना, अलाव के पास बैठना और स्थानीय खाने का स्वाद लेना इस ट्रिप को और खास बना देता है। अगर इस दिसंबर कुछ अलग करने का मन है, तो भारत के इन रेगिस्तानी ठिकानों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें।
जैसलमेर, राजस्थान
राजस्थान का जैसलमेर अपने सुनहरे रेत के टीलों के लिए मशहूर है। यहां सम और खुड़ी के रेगिस्तानी इलाके कैंपिंग के लिए काफी पसंद किए जाते हैं। आप यहां खूबसूरत टेंट में रुक सकते हैं और ऊंट की सवारी का आनंद ले सकते हैं। शाम के समय लोक संगीत और राजस्थानी नृत्य के साथ बिताए पल आपकी छुट्टियों को यादगार बना देंगे। रात में तारों से भरा आसमान इस जगह की खूबसूरती और बढ़ा देता है।
कच्छ का रण, गुजरात
अगर आपने अब तक सिर्फ सुनहरे रेगिस्तान देखे हैं, तो कच्छ का सफेद रेगिस्तान आपको हैरान कर देगा। यहां दूर-दूर तक फैली सफेद नमक की जमीन किसी दूसरी दुनिया जैसी दिखाई देती है। दिसंबर में यहां रण उत्सव का माहौल भी देखने को मिलता है। धोरडो की टेंट सिटी में ठहरकर स्थानीय कला, संगीत, भोजन और संस्कृति को करीब से जान सकते हैं। चांदनी रात में सफेद रण का नजारा बेहद खूबसूरत लगता है।
ओसियां, राजस्थान
जोधपुर के पास स्थित ओसियां उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प है, जो भीड़भाड़ से थोड़ा दूर रहना चाहते हैं। यहां रेत के टीले, पुराने मंदिर और शांत ग्रामीण माहौल देखने को मिलता है। आप रेगिस्तानी कैंप में ठहरकर ऊंट सफारी और सूर्यास्त का आनंद ले सकते हैं। यहां की शांति आपको कुछ समय के लिए रोजमर्रा की भागदौड़ भुला देगी।
बीकानेर, राजस्थान
बीकानेर भी दिसंबर में रेगिस्तानी छुट्टियों के लिए अच्छा ठिकाना है। यहां के आसपास के रेतीले इलाके, स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक राजस्थानी भोजन आपको अलग अनुभव देते हैं। कैंपिंग के साथ आप ऊंट सफारी और आसपास के ऐतिहासिक स्थलों की सैर भी कर सकते हैं।
