शरीर में गर्मी पैदा करने के उपाय (Body temperature High kaise kare): सर्दियां शुरू हो चुकी हैं और ठंड हर आते दिन के साथ बढ़ती जा रही है। लगातार गिरते पारे के साथ शरीर को गर्म रखना सबसे बड़ी चुनौती होती है। कई बार मोटे ऊनी कपड़े पहनने के बाद भी शरीर को पर्याप्त गर्माहट नहीं मिलती। ऐसे में ये जानना जरूरी है कि शरीर को अंदर से गर्म कैसे रखा जाए। क्या करें कि बाहर की शर्दी में भी शरीर का तापमान सामान्य बना रहे।
शरीर को गर्म रखने के लिए क्या करें
परतों में कपड़े पहनें
एक बहुत मोटे स्वेटर के बजाय हल्के कपड़ों की दो-तीन परतें पहनना ज्यादा असरदार होता है। परतों के बीच हवा की एक गर्म परत बन जाती है, जो शरीर की गर्मी को बाहर निकलने से रोकती है। सिर, कान, गर्दन और पैरों के तलवों को ढककर रखें, क्योंकि इन्हीं हिस्सों से शरीर की गर्मी तेजी से निकलती है।
हल्की-फुल्की गतिविधि जारी रखें
ठंड बढ़ते ही कई लोग बिस्तर या कमरे में सिमट जाते हैं, जिससे शरीर और ठंडा महसूस होता है। घर के भीतर ही हल्का टहलना, स्ट्रेचिंग या योग करने से रक्त संचार बेहतर होता है और शरीर में गर्माहट आती है।
धूप और गुनगुने पानी का सहारा लें
सुबह की हल्की धूप में कुछ समय बैठने से शरीर को गर्माहट के साथ विटामिन-डी भी मिलता है। प्यास कम लगने के बावजूद दिनभर गुनगुना पानी पीते रहें, ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे और मेटाबॉलिज्म सुचारू रूप से काम करे।
शरीर को अंदर से गर्म रखने के लिए क्या खाना चाहिए?
शरीर को भीतर से गर्म रखने के लिए ताजा, पौष्टिक और गरमागरम भोजन चुनना सबसे बेहतर रहता है। अपनी डाइट में सूखे मेवे और बीज जैसे बादाम, अखरोट, मूंगफली और तिल शरीर को शामिल करें। ये शरीर को ऊर्जा व गर्माहट देते हैं। इसके अलावा गुड़ के साथ अदरक, दालचीनी, काली मिर्च और तुलसी-अदरक की चाय या काढ़ा भी ठंड से राहत दिलाता है। गरम सूप, दालें और हरी सब्जियां पाचन को दुरुस्त रखती हैं। साथ ही दिनभर गुनगुना पानी पीते रहें और बहुत भारी या देर रात तला-भुना खाना खाने से बचें।
ठंड में किन आदतों से बचें
ठंड के मौसम में हमें अपनी कुछ आदतों को बदलना भी बहुत जरूरी है। हमें कुछ खास बातों का ध्यान जरूर रखना चाहिए:
- कई लोगों को लगता है कि शराब पीने से शरीर गर्म होता है, लेकिन असल में यह त्वचा की रक्त वाहिकाओं को चौड़ा करके अंदरूनी गर्मी को तेजी से बाहर निकाल देती है, जिससे बाद में ठंड और ज्यादा लग सकती है।
- कसरत या तेज चलने के बाद अगर कपड़ों में पसीना आ जाए, तो उन्हें तुरंत बदल लें। गीले कपड़े शरीर की गर्मी को तेजी से सोखते हैं और ठंड लगने का जोखिम बढ़ाते हैं।
- सर्दी में तला-भुना खाना स्वादिष्ट जरूर लगता है, लेकिन देर रात या जरूरत से ज्यादा खाने पर सुस्ती, अपच और भारीपन हो सकता है।
- गर्म कमरे या रजाई से निकलकर सीधे बाहर की तेज ठंडी हवा में जाने से बचें। बाहर निकलने से पहले कुछ पल सामान्य तापमान में रुकें और खुद को अच्छी तरह ढक लें।
सर्दियों में खुद को गर्म रखना कोई मुश्किल काम नहीं है, बस थोड़ी सी सावधानी जरूरी है। सही खान-पान, समझदारी से पहने गए कपड़े और रोजाना की हल्की सक्रियता के साथ आप ठंड के मौसम का भी सहजता और सेहत के साथ आनंद ले सकते हैं।
