देश

कार्तिगई दीपम विवाद: उच्चतम न्यायालय अवमानना याचिकाओं और आवेदनों पर 27 नवंबर को सुनवाई के लिए सहमत

शीर्ष अदालत की अनुमति के बावजूद सोमवार को तिरुप्परनकुंद्रम में वार्षिक कार्तिगई दीपम केवल उसके पारंपरिक स्थल उचिपिल्लैयार मंडपम में जलाया गया,न कि पहाड़ी पर स्थित दीपथून पर। जिसके बाद कई लोगों ने इसका विरोध करते हुए इसे सुप्रीम कोर्ट की अवमानना करार दिया था। अब सुप्रीम कोर्ट इसपर सुनवाई करेगी।

Image

सुप्रीम कोर्ट

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित विवादित दीपथून स्तंभ पर परंपरागत कार्तिगई दीपम नहीं जलाए जाने से जुड़े विवाद के संबंध में दायर अवमानना याचिकाओं और अन्य आवेदनों पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। शीर्ष कोर्ट ने इन सभी याचिकाओं और आवेदनों पर सुनवाई की सहमति दे दी है। अदालत ने गुरुवार को 27 नवंबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने को कहा है।

बता दें कि शीर्ष अदालत की अनुमति के बावजूद सोमवार को तिरुप्परनकुंद्रम में वार्षिक कार्तिगई दीपम केवल उसके पारंपरिक स्थल उचिपिल्लैयार मंडपम में जलाया गया,न कि पहाड़ी पर स्थित दीपथून पर। जिसके बाद कई लोगों ने इसका विरोध किया था। साथ ही याचिकाकर्ताओं के वकील ने अधिकारियों पर शीर्ष अदालत के निर्देशों का जानबूझकर पालन नहीं करने का आरोप लगाते हुए अनुरोध किया कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आदेशों की 'जानबूझकर अवहेलना' करने के लिए स्वतः संज्ञान लेकर अवमानना कार्यवाही शुरू की जाए।

न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ को मामले में पेश वकीलों ने बताया कि इस मुद्दे पर कई अवमानना याचिकाएं और आवेदन दायर किए गए हैं। इस पर पीठ ने कहा सभी को कल सुना जाएगा।

इससे पहले, तमिलनाडु सरकार ने विवादित दीपथून स्तंभ पर धार्मिक दीप नहीं जलाए जाने को लेकर बुधवार को शीर्ष अदालत से माफी मांगी थी। इतना ही नहीं, सरकार ने इसके लिए अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया था। मामले में शीर्ष अदालत ने स्वतः संज्ञान लेते हुए अवमानना कार्यवाही शुरू करने से इनकार कर दिया था। हालांकि अदालत ने यह कहा था कि यदि इस संबंध में कोई याचिका दायर की जाती है, तो वह उस पर सुनवाई करेगी।

अदालत ने कहा था कि उसकी रजिस्ट्री दीप जलाने की अनुमति मांगने वाले आवेदनों और अवमानना याचिकाओं के दाखिल होने की पुष्टि करेगी तथा अदालत यह देखेगी कि क्या इन्हें बृहस्पतिवार या शुक्रवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जा सकता है।

मदुरै के अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में कार्तिगई दीपम से जुड़ा विवाद इस बात पर केंद्रित है कि तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप कहां और किसके द्वारा जलाया जाना चाहिए। यह घटनाक्रम सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के उस आदेश के बाद सामने आया है,जिसमें अदालत ने एक बार के लिए विशेष अनुमति देते हुए 24 नवंबर को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के शीर्ष पर स्थित पत्थर के स्तंभ ’दीपथून’ पर दीप जलाने की इजाजत दी थी।

बता दें कि दशकों से पहाड़ी के निचले हिस्से में स्थित उचिपिल्लैयार मंदिर के पास दीप मंडपम में दीप जलाया जाता रहा है। हिंदू संगठनों ने पहाड़ी पर अधिक ऊंचाई पर स्थित दीपथून स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति मांगी थी, जो एक दरगाह से लगभग 50 मीटर की दूरी पर है। वहीं, दरगाह पक्ष ने शीर्ष अदालत को बताया था कि तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के पूरे शीर्ष क्षेत्र पर उसका मालिकाना हक है और उसने हिंदू श्रद्धालुओं की मांग का विरोध किया था। तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर केवल पारंपरिक स्थल पर कार्तिगई दीपम जलाए जाने के बाद मंदिर के न्यासी मंडल ने एक बयान में कहा था कि लंबे समय से चली आ रही धार्मिक परंपराओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article