Tomorrowland Festival Thailand: थाईलैंड घूमने का अगर आप प्लान कर रहे हैं तो ये खबर आपके बेहद काम आ सकती है। थाईलैंड ट्रिप प्लान करने से पहले जान लें कि इस देश ने विश्व प्रसिद्ध टुमॉरोलैंड उत्सव (Tomorrowland festival) की मेजबानी के लिए 5 साल का समझौता किया है, जिसके तहत थाई सरकार ने इस आयोजन के लिए 2 अरब बाट (62 मिलियन डॉलर) का बजट भी मंजूर कर दिया है।
यह उत्सव एशिया में पहली बार आयोजित किया जा रहा है। खबरों की मानें तो चोनबुरी स्थित विजडम वैली में 2026 के अंत में ये शुरू होगा। नेशन थाईलैंड की रिपोर्ट के अनुसार, कैबिनेट ने 2026 से 2030 तक महोत्सव की देखरेख के लिए धन मुहैया कराने को मंजूरी दे दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय, राष्ट्रीय आर्थिक और सामाजिक विकास परिषद और पूर्वी आर्थिक गलियारा इस परियोजना को सुविधाजनक बनाने के लिए एकसाथ मिलकर काम करेगा।
अगर आप म्यूजिक के दीवाने हैं और इलेक्ट्रॉनिक डांस म्यूजिक से प्यार करते हैं तो टुमॉरोलैंड फैस्टिवल आपकी बकेट लिस्ट में जरूर शामिल होना चाहिए। बता दें कि इस फेस्टिवल को दुनिया का सबसे बड़ा और भव्य म्यूजिक फेस्टिवल माना जाता है, जो हर साल बेल्जियम के बूम शहर में आयोजित होता आ रहा है।
2 या 3 वीकेंड्स में यह उत्सव होता है जिसमें दुनियाभर के मशहूर DJs परफॉर्म करते हैं। हर दिन अलग-अलग थीम, स्टेज और परफॉर्मेंस होती हैं। ऐसे में अगर 2026 को स्पेशल बनाने के लिए आप थाईलैंड ट्रिप प्लान कर रहे हैं तो Global Journey पैकेज का चुनाव कर सकते हैं क्योंकि इसमें वीजा सपोर्ट, ट्रांसपोर्ट और स्टे सब कुछ शामिल होता है।
