यात्रा

गोवा की छुट्टियों का शानदार पैकेज, GOA DELIGHT में मिलेगा फुल एंटरटेनमेंट

GOA Tour Package: कम बजट में अगर आप गोवा घूमने का प्लान कर रहे हैं तो ये गोवा डिलाइट टूर पैकेज आपके लिए बेहद खास रहने वाला है। 4 दिन की ये ट्रिप रहने वाली है।

Image

गोवा की छुट्टियों का शानदार पैकेज

GOA Tour Package: अगर आप समुद्र किनारे सुकून के पल बिताना चाहते हैं तो गोवा घूमना आपके लिए एक शानदार विकल्प हो सकता है। खूबसूरत समुद्र तटों से लेकर मंदिर और किलों तक यहां सभी के लिए कुछ न कुछ जरूर है। आईआरसीटीसी ने 4 दिन का 'GOA DELIGHT' टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है। पैकेज से जुड़ी तमाम जानकारी जानने के बाद फटाफट से आप ट्रिप प्लान कर सकते हैं। इस यात्रा में साउथ गोवा और नॉर्थ गोवा के प्रमुख पर्यटन स्थलों दोनों को ही शामिल किया गया है।

हैदराबाद से गोवा के लिए फ्लाइट

26 अगस्त 2026 को यात्रा की शुरुआत हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से होगी। तय उड़ान समय के अनुसार यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचना होगा। फ्लाइट से गोवा पहुंचने के बाद यात्रियों को एयरपोर्ट से होटल तक ले जाया जाएगा। होटल पहुंचने के बाद चेक-इन की प्रक्रिया पूरी होगी और कुछ समय आराम करने का मौका मिलेगा। पहले दिन किसी तरह की भागदौड़ नहीं रखी गई है। शाम को यात्री अपने हिसाब से आसपास के स्थानीय बाजार में घूम सकते हैं। शाम के बाद होटल में रात का खाना होगा और यहीं रात्रि विश्राम किया जाएगा।

साउथ गोवा की खूबसूरती से रूबरू

दूसरे दिन सुबह नाश्ते के बाद साउथ गोवा घूमने के लिए निकलेंगे। सबसे पहले ओल्ड गोवा के प्रमुख आकर्षणों को देखने का मौका मिलेगा। यहां बेसिलिका ऑफ बॉम जीसस, पुरातत्व संग्रहालय और पोर्ट्रेट गैलरी जैसे स्थान शामिल हैं। इसके बाद वैक्स वर्ल्ड म्यूजियम की यात्रा होगी। यात्रा में श्री मंगेशी मंदिर भी शामिल है। इसके बाद खूबसूरत मीरामार बीच का रुख किया जाएगा। समुद्र के किनारे कुछ समय बिताने के बाद शाम को मंडोवी नदी में लगभग एक घंटे के बोट क्रूज का आनंद लिया जाएगा। दिनभर घूमने के बाद होटल वापस लौटेंगे। रात का खाना होटल में होगा और यहीं रात बिताई जाएगी।

नॉर्थ गोवा में बीच और रोमांच

तीसरे दिन सुबह नाश्ते के बाद नॉर्थ गोवा की सैर शुरू होगी। फोर्ट अगुआडा देखने का मौका मिलेगा। इसके बाद कैंडोलिम बीच और बागा बीच की ओर जाएंगे। इसके बाद अंजुना बीच, वागाटोर बीच और चापोरा किला घूमने का कार्यक्रम है। खासकर चापोरा किले से आसपास का प्राकृतिक नजारा काफी आकर्षक दिखाई देता है। शाम को नॉर्थ गोवा घूमने के बाद होटल लौटेंगे।

गोवा से हैदराबाद वापसी

चौथे दिन गोवा की इस छोटी लेकिन यादगार यात्रा का आखिरी दिन वापसी के लिए होगा। सुबह होटल में नाश्ता करने के बाद यात्रियों को सुबह 10 बजे तक होटल से चेक-आउट करना होगा। इसके बाद होटल से गोवा एयरपोर्ट तक ट्रांसफर की व्यवस्था होगी। एयरपोर्ट पहुंचकर यात्री फ्लाइट से वापस हैदराबाद के लिए रवाना होंगे।

खर्चा और बुकिंग से रिलेटेड जानकारी

सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप आपको 26950 रुपए में पड़ेगी। डबल और ट्रिपल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया- 21500, 21000 तय किया गया है। 2 से 11 साल तक के बच्चे के लिए किराया- 17800 रुपए है। इस टूर पैकेज का कोड- SHA03 है। गौर करने वाली बात ये है कि 26 अगस्त के अलावा 9 सिंतबर के लिए भी आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप आईआरसीटीसी के इन नंबरों- 040-27702407 / 9701360701 पर संपर्क कर सकते हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article