Noida Traffic Advisory 9 October: यदि आप आज यानी 9 अक्टूबर को दिल्ली, नोएडा या ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की तरफ यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो सावधान हो जाएं। नोएडा के सेक्टर-95 स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर बहुजन नायक कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों लोगों और वाहनों की आवाजाही की संभावना है। इसे देखते हुए गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। ट्रैफिक जाम से बचने के लिए वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
कहां-कहां रहेगा रूट डायवर्जन?
यातायात पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह से ही आवश्यकतानुसार नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और आसपास के प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से दिल्ली जाने वाले वाहन चरखा गोलचक्कर से गऊशाला गोलचक्कर होते हुए अपने गंतव्य को जा सकेंगे। कालिंदी कुंज दिल्ली की तरफ से चिल्ला/DND जाने वाला यातायात सेक्टर-37 से अट्टापीर चौक, रजनीगंधा चौक और सेक्टर-15 गोलचक्कर होकर निकल सकेगा। प्रेरणा स्थल पर ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर वाहनों को महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की ओर मोड़ा जाएगा। यह ट्रैफिक अट्टापीर चौक और रजनीगंधा चौक होकर आगे बढ़ेगा। प्रेरणा स्थल गेट नंबर-04/05 पर भीड़ होने की स्थिति में फिल्मसिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-18 की तरफ डायवर्जन रहेगा। वाहन चालक सेक्टर-18 अंडरपास से एलिवेटेड रोड या रजनीगंधा चौक होकर जा सकते हैं। नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वाले मार्ग पर जाम की स्थिति में सेक्टर-14A फ्लाईओवर से सेक्टर-15 गोलचक्कर की ओर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा, जो अट्टापीर चौक और सेक्टर-37 होते हुए एक्सप्रेसवे पर पहुंचेगा।
पार्किंग की विशेष व्यवस्था
कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे लोगों के लिए वाहनों के हिसाब से तीन अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं:
- दिल्ली (चिल्ला / DND) की ओर से आने वाले हलके वाहन: फिल्मसिटी के अंदर बनी मल्टीलेवल पार्किंग में पार्क होंगे।
- परीचौक, सेक्टर-37, ग्रेटर नोएडा वेस्ट व कालिंदी कुंज की ओर से आने वाले वाहन: सेक्टर-95 गंदे नाले के पास बनी 'राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल' की अंडरग्राउंड पार्किंग में खड़े होंगे।
- सेक्टर-60 व सेक्टर-18 की ओर से आने वाले वाहन: गार्डेन गॉलेरिया मॉल (सेक्टर-38A) के पास बनी पार्किंग में पार्क किए जाएंगे।
आपातकालीन वाहनों को छूट और ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर
गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस डायवर्जन के दौरान एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन वाहनों को बिना रोक-टोक निकाला जाएगा। यातायात में किसी भी प्रकार की असुविधा होने या मार्ग से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए वाहन चालक ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं।
