Best Destinations for Ganesh Chaturthi: गणेश चतुर्थी का नाम आते ही मन में ढोल-ताशों की गूंज, मोदक की मिठास और 'गणपति बाप्पा मोरया' का जयघोष गूंजने लगता है। महाराष्ट्र में यह सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि सांस्कृतिक धरोहर और सामूहिक भावना का सबसे बड़ा प्रतीक है। राज्य में 5 ऐसी ऐतिहासिक और खास जगहें हैं जहां गणेश चतुर्थी का उत्सव एक अलग ही रंग में नजर आता है।
लालबागचा राजा, मुंबई
मायानगरी मुंबई में 'लालबागचा राजा' के दर्शन के बिना गणेशोत्सव अधूरा माना जाता है। 1934 में स्थापित यह सार्वजनिक गणपति मंडल अपनी मन्नत पूरी करने वाली मूर्ति के लिए प्रसिद्ध है। यहां आम जनता से लेकर बॉलीवुड हस्तियाँ और दिग्गज हस्तियाँ घंटों लंबी कतारों में खड़े होकर बाप्पा का आशीर्वाद लेने पहुंचती हैं।
श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति, पुणे
पुणे की सांस्कृतिक पहचान 'दगडूशेठ हलवाई गणपति' मंदिर अपनी भव्यता और अनूठी सजावट के लिए पूरे विश्व में मशहूर है। उत्सव के दौरान इस मंदिर को भारत के प्रसिद्ध महलों और मंदिरों की जगमगाती प्रतिकृतियों से सजाया जाता है। यहाँ की पारंपरिक आरती और ढोल-ताशा पथक का अनुभव रोंगटे खड़े कर देने वाला होता है।
बल्लालेश्वर पाली, रायगढ़
अष्टविनायक पीठों में से एक, रायगढ़ जिले का 'बल्लालेश्वर पाली' मंदिर इतिहास और भक्ति का अद्भुत संगम है। यह अकेला ऐसा गणपति मंदिर है जिसका नाम बाप्पा के एक महान भक्त 'बल्लाल' के नाम पर रखा गया है। गणेश चतुर्थी के दौरान यहाँ की पारंपरिक पूजा-विधि और शांत, आध्यात्मिक माहौल श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति प्रदान करता है।
गणपतिपुले, रत्नागिरी
कोकण तट पर स्थित गणपतिपुले मंदिर अपनी भौगोलिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। यहां बाप्पा की स्वयंभू मूर्ति समुद्र तट पर स्थित है। गणेश चतुर्थी के दिन यहां हजारों भक्त समुद्र में पवित्र स्नान करने के बाद बाप्पा के दर्शन करते हैं। प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक आस्था का ऐसा संगम बहुत कम देखने को मिलता है।
टेकड़ी गणपति, नागपुर
विदर्भ क्षेत्र में नागपुर का 'टेकड़ी गणपति' मंदिर आस्था का एक बहुत बड़ा केंद्र है। एक छोटी सी पहाड़ी पर स्थित होने के कारण इसे 'टेकड़ी' गणपति कहा जाता है। माना जाता है कि यह मूर्ति भी स्वयंभू है। गणेश चतुर्थी के दौरान यहां दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है और पूरा परिसर भक्ति के रंगों में डूब जाता है।
तो अगर आप इस साल गणपति महोत्सव को अपने जीवनभर का एक अनोखा और यादगार उथ्सव बनाना चाहते हैं तो महाराष्ट्र की इन जगहों को एक बार जरूर एक्सप्लोर करें।
