यात्रा

पचमढ़ी की ठंडी वादियां और भोपाल की रौनक, एक ट्रिप में मिलेगा डबल मजा

Madhya Pradesh Tour: मध्य प्रदेश की खूबसूरती को करीब से देखने के लिए आईआरसीटीसी का ये 6 दिन का शानदार टूर पैकेज बेहद खास है। इस यात्रा में आपको तमाम खूबसूरत जगहों की यात्रा का मौका मिलेगा।

Image

आईआरसीटीसी टूर पैकेज

Madhya Pradesh Tour: भोपाल की ऐतिहासिक विरासत से लेकर सांची के विश्व प्रसिद्ध स्तूप तक की यात्रा करने का आपके पास सुनहरा मौका है। भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी (IRCTC) ने 6 दिन का एक बेहद ही आकर्षक और किफायती टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है। इस टूर पैकेज का नाम- 'HEART OF MP-BHOPAL-PACHMARHI ESCAPE' है। यह ट्रिप इतिहास, संस्कृति, आध्यात्म, पुरातत्व और प्रकृति का खूबसूरत मेल है। परिवार, दोस्तों या ग्रुप के साथ घूमने वालों के लिए इस टूर पैकेज को डिजाइन किया गया है।

लखनऊ से भोपाल पहुंचकर शहर की सैर (31 अगस्त 2026)

यात्रा की शुरुआत लखनऊ से होगी। फ्लाइट सुबह 10:45 बजे उड़ान भरेगी और शाम 4:20 बजे भोपाल पहुंचेगी। एयरपोर्ट से होटल ले जाया जाएगा, जहां चेक-इन के बाद कुछ देर आराम किया जा सकता है। शाम को भोपाल की खूबसूरती देखने के लिए अपर लेक यानी बड़े तालाब का रुख करेंगे। यहां शाम का नजारा काफी खूबसूरत होता है। झील के आसपास कुछ समय बिताने के बाद होटल वापस लौटेंगे। रात में डिनर के बाद भोपाल में ही ठहराव होगा।

सांची और उदयगिरि की ऐतिहासिक यात्रा

दूसरे दिन सुबह नाश्ते के बाद सांची और उदयगिरि की ओर रवाना होंगे। इस दिन का सफर इतिहास और पुरातत्व में दिलचस्पी रखने वालों के लिए खास रहेगा। सबसे पहले सांची स्तूप पहुंचेंगे। यह यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है और अपनी प्राचीन बौद्ध विरासत के लिए दुनियाभर में जाना जाता है। यहां बने स्तूप, प्राचीन नक्काशी और अशोक स्तंभ आपको इतिहास के बेहद करीब ले जाएंगे। इसके बाद उदयगिरि की गुफाओं को देखने का मौका मिलेगा। यहां चट्टानों को काटकर बनाए गए कई प्राचीन मंदिर और मूर्तियां मौजूद हैं, जिनका संबंध गुप्त काल से माना जाता है। भोपाल लौटने के बाद ट्राइबल म्यूजियम की सैर की जाएगी। यहां मध्य प्रदेश की जनजातीय संस्कृति, कला और परंपराओं को करीब से समझने का मौका मिलेगा। रात का डिनर और ठहराव भोपाल में होगा।

भोपाल से भोजपुर, भीमबेटका होते हुए पचमढ़ी

तीसरे दिन नाश्ते के बाद पचमढ़ी के लिए सड़क यात्रा शुरू होगी। भोपाल से पचमढ़ी की दूरी करीब 200 किलोमीटर है और सफर में लगभग 5 से 6 घंटे लग सकते हैं। रास्ते में सबसे पहले भोजपुर पहुंचेगे। यहां प्रसिद्ध भोजेश्वर मंदिर के दर्शन किए जाएंगे। मंदिर में स्थापित विशाल शिवलिंग इसकी सबसे खास पहचान है। मंदिर की प्राचीन वास्तुकला भी देखने लायक है। इसके बाद भीमबेटका रॉक शेल्टर्स की ओर बढ़ेंगे। यह भी यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है। यहां मौजूद प्राचीन शैलाश्रयों और गुफाओं की दीवारों पर बने चित्र हजारों साल पुरानी मानव सभ्यता की कहानी बताते हैं। भीमबेटका घूमने के बाद पचमढ़ी के लिए सफर जारी रहेगा। शाम तक पचमढ़ी पहुंचकर होटल में चेक-इन करेंगे। रात का डिनर और ठहराव पचमढ़ी में होगा।

पचमढ़ी की खूबसूरत वादियों की सैर

चौथे दिन नाश्ते के बाद पचमढ़ी घूमने के लिए निकलेंगे। इस दिन पचमढ़ी के प्रमुख पर्यटन स्थलों को देखने का मौका मिलेगा। जीप सफारी के जरिए यहां की पहाड़ियों, जंगलों, झरनों, गुफाओं और खूबसूरत प्राकृतिक जगहों की सैर की जाएगी। पचमढ़ी को मध्य प्रदेश का हिल स्टेशन कहा जाता है और यहां का शांत माहौल पर्यटकों को काफी पसंद आता है। दिनभर घूमने और प्रकृति का आनंद लेने के बाद शाम को होटल वापस लौटेंगे।

रात में डिनर के बाद पचमढ़ी में ही आराम करेंगे। अगले दिन सुबह नाश्ते के बाद होटल से चेक-आउट करेंगे और भोपाल के लिए रवाना होंगे। पचमढ़ी से भोपाल की दूरी करीब 200 किलोमीटर है। सड़क से इस सफर में लगभग 5 से 6 घंटे लग सकते हैं। भोपाल पहुंचने के बाद होटल में चेक-इन करेंगे। इसके बाद समय मिलने पर भोपाल के स्थानीय बाजारों में घूम सकते हैं और खरीदारी का मजा ले सकते हैं। शाम को आराम करने के बाद डिनर होगा। रात का ठहराव भोपाल में ही रहेगा। यात्रा के आखिरी दिन सुबह नाश्ते के बाद कुछ समय आराम करने के बाद भोपाल एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। फ्लाइट शाम 4:50 बजे भोपाल से उड़ान भरेगी और रात 10:40 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेगी।

खर्चा और बुकिंग से रिलेटेड जानकारी

सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप आपको 54,000 रुपए में पड़ेगी। डबल और ट्रिपल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया क्रमश: 40,600 और 38,500 रुपए तय किया गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चे के लिए किराया 33,100 है। इस पैकेज का कोड NLA163 है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाकर आप पैकेज के लिए बुकिंग कर सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप इन नंबरों पर- 9236391909, 7357346708 संपर्क कर सकते हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article