योगी आदित्यनाथ

योगी आदित्यनाथ का पूरा नाम अजय मोहन बिष्ट है। योगी आदित्यनाथ देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के 21वें मुख्यमंत्री हैं। सीएम होने के साथ-साथ वह नाथ संप्रदाय के प्रमुख गोरक्षनाथ मंदिर के पीठाधीश्वर भी हैं। सीएम बनने से पहले वह गोरखपुर सीट से 1998 से लेकर 2017 तक सांसद रहे। मार्च 2017 में वह पहली बार यूपी के सीएम बने। मई 2022 में भाजपा की बंपर जीत के बाद वह दोबारा सूबे के सीएम बने। पांच साल सीएम रहने के बाद दोबारा जीत दर्ज कर मुख्यमंत्री बनने वाले वे राज्य के पहले नेता हैं। साल 2022 के चुनाव में आदित्यनाथ ने गोरखपुर शहरी सीट से चुनाव लड़ा और रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज की। अपने पहले कार्यकाल (2017-2022) के दौरान वह विधान परिषद के सदस्य रहे। योगी आदित्यनाथ का जन्म पांच जून 1972 को अविभाजित उत्तर प्रदेश में पौढ़ी गढ़वाल के पंचूर गांव में हुआ। इनके पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में काम करते थे।

योगी आदित्यनाथ अपने चार भाइयों एवं तीन बहनों में दूसरे स्थान पर हैं। इन्होंने हेमवती नंदर बहुगुणा गढ़वाल यूनिवर्सिटी से गणित विषय में स्नातक की डिग्री ली। राम मंदिर आंदोलन से प्रभावित होकर आदित्यनाथ 1990 में गोरखपुर आ गए। यहां वह गोरक्षनाथ मंदिर में अवैद्यनाथ के शिष्य बन गए। आदित्यनाथ को प्रखर हिंदूवादी नेता माना जाता है। कहा जाता है कि पार्टी के टिकट बंटवारे से नाराज होकर आदित्यनाथ ने साल 2002 में हिंदू युवा वाहिनी नाम से अपना एक संगठन बनाया। पूर्वांचल में आदित्यनाथ का कद बढ़ाने में उनके इस संगठन ने भी प्रमुख भूमिका निभाई। योगी आदित्यनाथ महज 26 साल में चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे। सबसे युवा सांसद का रिकॉर्ड इन्हीं के नाम है।