शहर

Ayodhya News: आज अयोध्या दौरे पर CM योगी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को देंगे नियुक्ति पत्र, रामलला के करेंगे दर्शन

Ayodhya News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या दौरे पर रहेंगे। वह जीआईसी मैदान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के सम्मान समारोह में शामिल होकर नियुक्ति पत्र देंगे। सीएम विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

Image

आज अयोध्या दौरे पर रहेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ (File Photo)

Photo : PTI

CM Yogi Ayodhya Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या दौरे पर रहेंगे। करीब तीन घंटे के अपने इस प्रवास के दौरान सीएम कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान वे जीआईसी मैदान में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के सम्मान समारोह में शामिल होंगे। सीएम आज कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए हैं, साथ ही शहर में रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है।

सात जिलों के 12 हजार प्रतिभागी होंगे शामिल

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में अयोध्या समेत सात जिलों से प्रतिभागियों के पहुंचने की तैयारी है। अयोध्या के अलावा अंबेडकरनगर, अमेठी, बाराबंकी, सुल्तानपुर, बस्ती और गोंडा से बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं कार्यक्रम में शामिल होंगी। हर जिले से लगभग दो-दो हजार यानी कुल करीब 12 हजार प्रतिभागी इस भव्य समारोह में शामिल होंगे। मंगलवार दोपहर 2:50 बजे सीएम योगी GIC मैदान पहुंचेंगे। इस दौरान वे नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र देंगे। इसके अलावा मेधावी बच्चों, उत्कृष्ट अधीक्षिकाओं समेत पोषण, शिक्षा और महिला कल्याण के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में करेंगे दर्शन-पूजन

मुख्यमंत्री करीब शाम 4 बजे तक जीआईसी मैदान में रहेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से रामकथा पार्क हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से सड़क मार्ग द्वारा वे सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर जाएंगे और बजरंगबली का आशीर्वाद लेंगे। इसके बाद सीएम योगी राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे। शाम करीब 5 बजे वे हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।

रूट डायवर्जन और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए अयोध्या कैंट और अयोध्या धाम क्षेत्र में यातायात के लिए विशेष रूट डायवर्जन लागू किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए स्थानीय विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने GIC मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध किए हैं ताकि कार्यक्रम और यातायात सुचारू रूप से चल सके।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article