शहर

यूपी कैबिनेट की बैठक आज, PRD जवानों और किसानों को मिल सकती है बड़ी सौगात

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज शाम 5 बजे कैबिनेट बैठक होगी। इस दौरान कैबिनेट में पीआरडी जवानों, किसानों सहित अन्य वर्गों को बड़ी सौगात मिल सकती है।

Image

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (File Photo)

Photo : PTI

UP Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार शाम 5 बजे उत्तर प्रदेश कैबिनेट की अहम बैठक होने वाली है। इस बैठक में राज्य के विकास और विभिन्न वर्गों के कल्याण से जुड़े डेढ़ दर्जन से ज्यादा प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की संभावना है। इनमें PRD जवानों का ड्यूटी भत्ता बढ़ाने, कैशलेस इलाज की सुविधा देने, किसानों को सस्ता कर्ज उपलब्ध कराने और सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास शुरू करने से जुड़े प्रस्ताव प्रमुख हैं।

PRD जवानों का भत्ता बढ़ाने का प्रस्ताव

कैबिनेट में आज प्रांतीय रक्षक दल (PRD) जवानों का ड्यूटी भत्ता 500 से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने का प्रस्ताव रखा जा सकता है। इसके अलावा जवानों को सालाना 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा देने का भी प्रस्ताव है। सरकार 2019 से लेकर अब तक चौथी बार PRD जवानों का मानदेय बढ़ाने की तैयारी में है। राज्य में 27 हजार से अधिक PRD जवान बताए जा रहे हैं।

किसानों के लिए भी मिल सकती है राहत

कैबिनेट में किसानों को रियायती ब्याज पर कर्ज देने वाली 'मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना' का दायरा बढ़ाए जाने का भी प्रस्ताव है। इसके अलावा मथुरा में सरकारी चीनी मिल की जमीन पर कंसेशन-कम-लीज के आधार पर एथेनॉल प्लांट लगाने के प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है। साथ ही उत्तर प्रदेश चीनी निगम की तीन मिलों को आगामी पेराई सत्र के लिए 500 करोड़ रुपये की गारंटी देने का भी प्रस्ताव है।

14 हजार बेसिक स्कूलों में स्मार्ट क्लास की तैयारी

कैबिनेट में यूपी के लगभग 14 हजार बेसिक स्कूलों में स्मार्ट क्लास विकसित करने की योजना पर भी फैसला हो सकता है। इसके लिए ICT लैब स्थापित करने के लिए करीब 300 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव है। इसके तहत हर स्कूल को दो लाख रुपये दिए जाने की योजना है।

कोटेदारों की मार्जिन मनी बढ़ने की उम्मीद

कैबिनेट में राशन की दुकानों के संचालकों यानी उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) की मार्जिन मनी 25 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाने पर भी मुहर लग सकती है। इससे प्रदेश के राशन विक्रेताओं को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही वाहनों की फिटनेस जांच के लिए ऑटोमेटेड टेस्टिंग सेंटर की नई नीति पर भी फैसला हो सकता है।

900 से ज्यादा नए कोर्ट पदों का प्रस्ताव

बैठक में अदालतों से जुड़े 900 से ज्यादा नए पदों के सृजन का प्रस्ताव भी रखा जा सकता है। इसके अलावा इंजीनियरों के वित्तीय अधिकार बढ़ाने और 10 साल तक की अवधि वाले रेंट एग्रीमेंट पर स्टांप शुल्क में छूट देने पर भी विचार किया जाएगा। सरकार उत्तर प्रदेश खिलौना विनिर्माण प्रोत्साहन नीति और चित्रकूट एक्सप्रेस से जुड़े संशोधित प्रस्ताव पर भी आज फैसला कर सकती है।

पूर्व सैनिकों और NSG हब से जुड़े प्रस्ताव

बैठक में आज भूतपूर्व सैनिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने से जुड़े प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल सकती है। अयोध्या के मिल्कीपुर में एनएसजी (NSG) का रीजनल हब विकसित करने के लिए 65 एकड़ जमीन गृह विभाग को देने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके अलावा शोहरतगढ़ और हरदोई के सवायजपुर में बस अड्डा बनाने के लिए मुफ्त जमीन देने और चित्रकूट एक्सप्रेसवे के संशोधित प्रस्ताव के साथ ही मत्स्य विभाग से जुड़े प्रस्तावों पर भी कैबिनेट में चर्चा हो सकती है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article