राहुल गांधी

राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बेटे और कांग्रेस के नेता हैं। राहुल गांधी भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के पड़पोते हैं।उनकी दादी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी थीं। राहुल गांधी वायनाड से कांग्रेस के सांसद हैं और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वायनाड से पहले वो गांधी-नेहरू परिवार की परंपरागत सीट अमेठी से सांसद रह चुके हैं।
राहुल गांधी का जन्म 19 जून 1970 को दिल्ली में हुआ था। यहीं उनका बचपन गुजरा। शुरूआती पढ़ाई दिल्ली में हुई फिर दून स्कूल चले गए। 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद उनकी पढ़ाई घर पर ही होने लगी। इसके बाद दिल्ली के सेंट स्टीफन कॉलेज गए। फिर आगे की पढ़ाई के लिए हार्वर्ड विश्वविद्यालय गए, लेकिन 1991 में अपने पिता की हत्या के बाद, उन्हें पढ़ाई के लिए फ्लोरिडा भेज दिया गया। राहुल ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 2004 में की थी। उन्होंने अपना पहला लोकसभा चुनाव अपने पिता के निर्वाचन क्षेत्र- अमेठी से लड़ा था। 24 सितंबर, 2007 को उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का महासचिव नियुक्त किया गया। राजनीति में आने से पहले उन्होंने निजी फर्मों के लिए भी काम किया है। 2013 में राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष के रूप में चुने गए और फिर 2017 में कांग्रेस के अध्यक्ष बने।राहुल गांधी पहले अमेठी से लगातार तीन बार सांसद चुने गए और अभी केरल के वायनाड सीट से सांसद हैं।