UP Chunav: उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीतिक दलों ने रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। इस बीच, इंडिया ब्लॉक में सीट बंटवारे को लेकर भी औपचारिक बातचीत शुरू हो चुकी है। साफ शब्दों में कहें तो आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर चर्चा चल रही है।
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बुधवार को कहा कि गठबंधन में सीटों को लेकर चर्चा शुरू हो चुकी है और समझौता सम्मानजनक होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने संगठन की मजबूती और जनता के भरोसे के आधार पर कुछ सीटों पर अपना दावा पेश किया है।
'UP में कांग्रेस लगातार हो रही मजबूत'
लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में इंडिया ब्लॉक का 43 सीटें जीतना राहुल गांधी के प्रभाव और कांग्रेस के मजबूत होते संगठन को दर्शाता है। उन्होंने कहा, ''कांग्रेस जमीनी स्तर पर अपना संगठन मजबूत कर रही है और पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। पिछले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में इंडिया ब्लॉक को मिली 43 सीटें राहुल गांधी के प्रभाव को दर्शाती हैं। इसी आधार पर, अपने संगठन की ताकत और पार्टी के प्रति जनता के भरोसे को देखते हुए हमने कुछ सीटों की मांग की है।''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अटल बिहारी वाजपेयी ने PAK को गिफ्ट की थी 'सरहद' एल्बम, सीमा सहगल ने साझा किया संगीत का संदेश
गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत पर गौतम ने कहा, ''नेताओं के बीच बातचीत जारी है और जैसा कि हमने पहले कहा था- समझौता सम्मानजनक होगा। । समझौते को अंतिम रूप दिए जाने के बाद इसकी जानकारी दी जाएगी। कुछ मुद्दों पर पार्टी नेतृत्व के स्तर पर चर्चा चल रही है और उचित समय पर इसके नतीजे सामने आएंगे।''
'संविधान को कमजोर कर रहा EC'
कांग्रेस नेता ने चुनाव आयोग पर मतदाता सूचियों में कथित तौर पर मनमाने बदलाव करने और लोकतांत्रित प्रक्रियाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मुख्य मुद्दा यह है कि चुनाव आयोग कथित तौर पर वैध मतदाताओं के नाम हटाकर या उनके विवरण में बदलाव करके लोकतंत्र और संविधान को कमजोर कर रहा है।
