देश

'वोट चोरी' के मुद्दे पर INDIA गठबंधन की रणनीति पर लगा ब्रेक, खरगे की अध्यक्षता में होने वाली बैठक स्थगित

INDIA Bloc Protest Row: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आगे की रणनीति पर चर्चा के लिए प्रस्तावित विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के नेताओं की ऑनलाइन बैठक फिलहाल स्थगित हो गई है।

Image

'इंडिया' गठबंधन की बैठक स्थगित (फोटो साभार: Congress)

INDIA Bloc Protest Row: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आगे की रणनीति पर चर्चा के लिए प्रस्तावित विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के नेताओं की ऑनलाइन बैठक फिलहाल स्थगित हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार की शाम होने वाली यह बैठक फिलहाल स्थगित कर दी गई है।

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, सूत्रों ने बताया कि यह बैठक गुरुवार शाम को होनी थी, जिसमें 'वोट चोरी' के मुद्दे पर प्रदर्शनों की रूपरेखा और सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के लिए दबाव बनाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया जाना था। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को बैठक की अध्यक्षता करनी थी। बैठक में एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली 'इंडिया' गठबंधन की रैली की तैयारियों की भी समीक्षा की जानी थी।

कब होगी अगली बैठक?

सूत्रों के मुताबिक, 'इंडिया' गठबंधन के नेताओं को बैठक में प्रदर्शनों की रूपरेखा तैयार करने, एक नवंबर की रैली की तैयारियों की समीक्षा करने और 'वोट चोरी' के मुद्दे पर सरकार को घेरने के तरीकों पर मंथन करना था। सूत्रों ने बताया कि कुछ विपक्षी नेताओं के व्यस्त कार्यक्रम के चलते बैठक को स्थगित किया गया है। गठबंधन की अगली बैठक के बारे में कोई सूचना नहीं दी गई है।

यह बैठक ऐसे समय में प्रस्तावित थी, जब महिला आरक्षण अधिनियम को जल्द लागू करने के लिए परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के मकसद से सरकार द्वारा संसद का सत्र बुलाये जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने निकाला था मार्च

विपक्षी दल कथित ''वोट चोरी'' के मुद्दे को लगातार उठा रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर विपक्षी नेताओं ने पिछले सप्ताह सुप्रीम कोर्ट तक मार्च किया था। इससे पहले, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने 13 अक्टूबर को अपने आवास पर 'इंडिया' गठबंधन के नेताओं को चाय पर आमंत्रित किया था। उस बैठक के बाद विपक्षी गठबंधन ने कथित ''वोट चोरी'' के खिलाफ अपना विरोध जारी रखने और इस मुद्दे पर लड़ाई को उसके तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने का संकल्प लिया था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article