Rahul Gandhi Foreign Visit: तिरुवनंतपुरम सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर दो टूक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मैं कोई 'ट्रैवल एजेंट' नहीं हूं।
दरअसल, शशि थरूर से पूछा गया कि दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के बीच राहुल गांधी विदेश क्यों गए हैं। इस पर उन्होंने कहा कि मैं कोई ट्रैवल एजेंट नहीं हूं।
BJP ने राहुल पर लगाए गंभीर आरोप
राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर भाजपा ने उनकी आलोचना की और आरोप लगाया कि दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों के दौरान झूठ बोल-बोलकर जब राहुल गांधी थक गए तो छुट्टियां मनाने चले गए।
थरूर का दो टूक जवाब
कांग्रेस सांसद शशि थरूर से जब पत्रकारों ने तिरुवनंतपुरम में राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा, ''मैं कोई ट्रैवल एजेंट नहीं हूं। मुझसे यह सवाल पूछने का कोई मतलब नहीं है। मैं अभी दिल्ली छोड़कर यहां क्यों आया हूं? हर व्यक्ति की कुछ जिम्मेदारियां होती हैं। इसलिए मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता।''
भाजपा पर बरसे थरूर
इससे पहले, थरूर ने कहा कि किसी को भी किसी व्यक्ति से उसका मतदान का अधिकार छीनने का हक नहीं है, लेकिन भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने मतदाता सूची के एसआईआर की आड़ में यही किया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची से 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटा दिए गए और इनमें से केवल करीब 82,000 लोगों की अपीलों पर सुनवाई हुई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा चुनाव? INDIA ब्लॉक में हो रही चर्चा, कांग्रेस बोली- समझौता होगा सम्मानजनक
उन्होंने कहा, ''जिन अपीलों पर सुनवाई हुई उनमें 91 प्रतिशत मामलों में पाया गया कि उन लोगों के नाम मतदाता सूची से नहीं हटाए जाने चाहिए थे। अगर 91 प्रतिशत मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए गए तो फिर एसआईआर का क्या औचित्य था?''
