शहर

यमुना की सफाई पर Amit Shah का बड़ा दावा, बोले- 2029 तक नदी को निर्मल करके आएंगे

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली में 9000 करोड़ रुपये की यमुना शुद्धिकरण परियोजनाओं का जिक्र करते हुए 40 फीसद से ज्यादा काम पूरा होने का दावा किया है। उन्होंने 2029 तक नदी निर्मल बनाने का भरोसा दिया है।

Image

अमित शाह ने यमुना सफाई पर किया बड़ा दावा

केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने दिल्ली में यमुना शुद्धिकरण को लेकर बड़ा दावा किया है। द्वारका में करीब 9000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में पहुंचे शाह ने आज यानी गुरुवार 22 अक्टूबर को कहा कि यमुना की सफाई के लिए 40 फीसद से ज्यादा काम पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की सरकारों ने मिलकर यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए समयबद्ध रोडमैप तैयार किया है। शाह ने भरोसा दिलाया कि वर्ष 2029 में वह यमुना को निर्मल बनाने के संकल्प के साथ जनता के सामने आएंगे।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के एक महीने के भीतर यमुना की सफाई को लेकर व्यापक बैठक की थी। इसमें यमुना को शुद्ध करने की योजना दिल्ली सरकार और गृह मंत्रालय के सामने रखी गई थी। शाह के मुताबिक, गंदे पानी के शोधन और पेयजल से जुड़ी कई परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।

दिल्ली, यूपी और हरियाणा मिलकर करेंगे यमुना की सफाई

गृह मंत्री ने कहा कि पहले हरियाणा के औद्योगिक क्षेत्रों का अपशिष्ट पानी और उत्तर प्रदेश से आने वाला गंदा पानी भी यमुना में पहुंचता था। अब केंद्र के साथ दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तीनों राज्यों ने समन्वय के साथ काम करने का रोडमैप बनाया है।

शाह ने कांग्रेस और AAP (अरविंद केजरीवाल) की सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले 30 वर्षों में दिल्ली के सीवेज का पानी यमुना में छोड़ा जाता रहा। उन्होंने कहा कि डेयरियों से निकलने वाले गोबर और दूसरे प्रदूषकों को नदी में जाने से रोकना भी जरूरी है।

कूड़े के पहाड़ों पर भी केजरीवाल को घेरा

अमित शाह ने दिल्ली में कूड़े के पहाड़ों को लेकर भी आम आदमी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कूड़े के पहाड़ों को कम करने के लिए काम कर रही है। केंद्रीय गृहमंत्री ने दावा किया कि दो साल बाद इन स्थानों पर बगीचे दिखाई देंगे। यह भाजपा के संकल्प का हिस्सा है।

उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार ने आंदोलन के नाम पर सत्ता हासिल की, लेकिन जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

अपने संबोधन में अमित शाह ने कांग्रेस पर चुनावी हार के लिए ईवीएम और वोट चोरी जैसे मुद्दे उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कई राज्यों में कांग्रेस की चुनावी स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी का कमजोर प्रदर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने से पहले भी रहा है।

शाह ने अपने भाषण में कहा कि वह देश की जनता के बीच रहते हैं और उन्हें हर छह महीने में विदेश जाने की जरूरत नहीं पड़ती। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी अशफाक उल्ला खां और सहकारी आंदोलन से जुड़े त्रिभुवनदास पटेल सहित अन्य व्यक्तित्वों को श्रद्धांजलि भी दी।

यमुना शुद्धिकरण से जुड़ी परियोजनाओं के नतीजे आने वाले समय में अहम होंगे। नदी की सफाई का वास्तविक आकलन सीवेज शोधन, प्रदूषण के स्तर और पानी की गुणवत्ता में दर्ज सुधार के आधार पर किया जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article