Sonia Gandhi Instagram: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज (22 अक्टूबर 2026) को इंस्टाग्राम पर डेब्यू किया। 79 साल की सोनिया गांधी ने आज जैसे ही अपना पहला रील पोस्ट किया, फॉलोवर्स से लेकर व्यूज तक की लाइन लग गई। पहला रील ही वायरल हो गया। ये तो हो गई रील की बात, लेकिन क्या आपको पता है कि सोनिया गांधी इंस्टाग्राम पर किन लोगों को फॉलो करती हैं।
किसे फॉलो करती हैं सोनिया गांधी?
सोनिया गांधी इंस्टाग्राम पर सिर्फ तीन अकाउंट्स को फॉलो करती है। जिसमें दो लोग और एक संगठन है। सोनिया गांधी इस्टाग्राम पर अपने बेटे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, बेटी और सांसद प्रियंका गांधी और अपनी पार्टी कांग्रेस के अकाउंटस को फॉलो करती है। यह पहली बार है, जब सोनिया गांधी ने किसी सोशल मीडिया मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
सोनिया गांधी के पहले इंस्टाग्राम पोस्ट में क्या?
सोनिया गांधी ने अपने पहले पोस्ट में अपनी किताब 'Belonging: A Journey of Love' की पहली झलक दिखाई है। यह किताब गांधी परिवार की पहली ऐसी किताब है, जिसमें परिवार का संस्मरण शामिल होगा। सोनिया गांधी ने इसी किताब की एक वीडियो इंस्टा पर डाली थी, जो पलभर में ही व्यूज के मामले में काफी आगे निकल गई। कुछ ही समय में 1 मिलियन से ज्यादा लोग इस वीडियो को देख चुके हैं।
किताब में क्या?
किताब की शुरुआत 1965 के कैम्ब्रिज से होती है, जहां 19 वर्षीय सोनिया माइनो को राजीव गांधी से प्यार हो जाता है। इसमें सबसे पहले युद्धोत्तर (पोस्ट-वॉर) वेनेटो में बीते उनके बचपन का जिक्र है। पब्लिशर द्वारा दिए गए विवरण के मुताबिक, इसमें इंदिरा गांधी जैसी एक प्रभावशाली सास से उनकी मुलाकात, हिंदी सीखना, साड़ी पहनना और भारतीय व्यंजनों का स्वाद विकसित करने का सफर शामिल है। 'बिलोंगिंग' (Belonging) भारत में 10 नवंबर को बिक्री के लिए उपलब्ध होगी।
1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजीव गांधी देश के प्रधानमंत्री बने और इसके सात साल बाद उनकी भी हत्या कर दी गई। सालों तक सोनिया गांधी ने राजनीति में कदम रखने के दबाव का विरोध किया। हालांकि, आखिरकार उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया और सबसे लंबे समय तक कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाला। इसके अलावा, जब पार्टी ने उन्हें प्रधानमंत्री बनाने का प्रस्ताव दिया, तो उन्होंने उसे ठुकरा दिया था।
