भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 14वें पीएम हैं। वह साल 2014 से प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा कर रहे हैं। मोदी साल 2001 से 2014 तक गुजरात के सीएम रहे। वह वाराणसी से सांसद हैं। राजनीति में आने से पहले मोदी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यकर्ता थे। पीएम पद पर सबसे ज्यादा समय तक रहने वाले वह पहले गैर-कांग्रेसी पीएम हैं। नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ। वह बचपन में ही आरएसएस के संपर्क में आ गए। मोदी का बचपन काफी गरीबी में बीता। वडनगर रेलवे स्टेशन पर वह अपने पिता के साथ चाय बेचा करते थे। मोदी जब 18 साल के थे तो उनकी शादी जशोदाबेन से हुई लेकिन वह उनके साथ नहीं रहे। हालांकि, भारतीय कानून के हिसाब से जब भी उन्हें पत्नी का जिक्र करना होता है तो वह, जशोदाबेन को अपनी पत्नी बताते हैं।
मोदी का कहना है कि परिवार छोड़ने के बाद वह करीब दो सालों तक उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में रहे। इस दौरान उन्होंने कई धार्मिक स्थानों पर अपना समय गुजारा। साल 1971 में गुजरात दोबारा वापस आने पर वह पूरी तरह से आरएसएस से जुड़ गए। बाद में साल 1985 में आरएसएस ने उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में भेज दिया। 2001 से पहले तक वह पार्टी में कई सांगठनिक पदों पर रहे। केशूभाई पटेल की गिरती सेहत एवं भुज भूकंप के बाद सरकार की खराब होती छवि से बचने के लिए भाजपा ने साल 2001 में मोदी को गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया। साल 2002 में गोधरा में हुए दंगे मोदी के लिए मुश्किलें लेकर आए। मोदी सरकार पर आरोप लगा कि उनकी सरकार दंगों को रोक नहीं पाई। इस मामले में मोदी से पूछताछ हुई। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा जहां से उन्हें क्लीनचिट मिल गई।