प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सेवा तीर्थ में दुनिया की प्रमुख सेमीकंडक्टर कंपनियों के CEOs और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राउंडटेबल बैठक की। बैठक में भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को मजबूत करने और तकनीकी क्षेत्र में देश की भूमिका बढ़ाने पर चर्चा हुई।पीएम मोदी ने कहा कि भारत के तकनीकी भविष्य को आकार देने के लिए सरकार और सेमीकंडक्टर उद्योग के बीच मजबूत सहयोग जरूरी है। उन्होंने भारत की प्रतिभा, नई तकनीकों को तेजी से अपनाने की क्षमता और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर को देश की प्रमुख ताकत बताया।
स्किलिंग और इनोवेशन पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने उद्योग जगत से स्किलिंग, इनोवेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तथा क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी उभरती तकनीकों में अधिक भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत को नई तकनीकों के क्षेत्र में दुनिया के शुरुआती अग्रणी देशों में शामिल होने का लक्ष्य रखना चाहिए।
सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के अगले चरण पर चर्चा
इस बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। अब देश का सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम शुरुआती प्रयासों से आगे बढ़कर बड़े पैमाने पर विस्तार और नए अवसरों के चरण में पहुंच रहा है। उन्होंने भरोसेमंद और तेजी से प्रतिक्रिया देने वाली नीति व्यवस्था के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई। प्रधानमंत्री ने कहा कि तकनीक में बदलाव और उद्योग की जरूरतों के साथ नीतियों में भी समय के अनुसार बदलाव होना चाहिए।
कंपनियों से मांगे सुझाव
राउंडटेबल बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने सेमीकंडक्टर कंपनियों के प्रमुखों से नीतिगत और प्रशासनिक उपायों को लेकर सुझाव देने को कहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस क्षेत्र को और मजबूत बनाने के लिए उद्योगों की ओर से दिए गए सुझावों पर उचित विचार किया जाएगा। पीएम मोदी ने उद्योग जगत से भारत के सेमीकंडक्टर विकास के अगले चरण में सक्रिय रूप से भाग लेने का भी आह्वान किया।
CEOs ने सरकार के प्रयासों की सराहना की
बैठक में शामिल CEOs और वरिष्ठ अधिकारियों ने भारत में सेमीकंडक्टर क्षमताओं को विकसित करने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे लगातार प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मैन्युफैक्चरिंग, डिजाइन, इंफ्रास्ट्रक्चर और टैलेंट डेवलपमेंट के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने ISM 2.0 के तहत उभर रहे अवसरों और सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन के अलग-अलग हिस्सों में भारत की क्षमता विकसित करने की संभावनाओं पर भी भरोसा जताया।ये कंपनियां बैठक में हुईं शामिल
राउंडटेबल बैठक में SEMI, Micron, Infineon, Applied Materials, ASML, Merck, Tokyo Electron, Fujifilm, AMD, Intel, Tata Electronics, Lam Research, Rapidus, NXP, Foxconn, Semiconductor Devices, Advantest, Celesta Capital, CG Power और IBM Research समेत कई प्रमुख कंपनियों और संगठनों के CEOs, वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए।
