देश

VIDEO: 'UPI टैक्स अभी लें वापस...', PM मोदी पर बरसे राहुल गांधी, बोले- सरकार ने हर भारतीय पर लगा दिया Tax

New UPI Rules: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तत्काल यूपीआई टैक्स वापस लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार ने यूपीआई पर टैक्स लगाकर हर भारतीय पर टैक्स लगा दिया।

Image

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)

New UPI Rules: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को यूपीआई फीस को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। साथ ही, यूपीआई टैक्स वापस लेने की अपील की।

राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पीएम मोदी को निशाना साधते हुए एक वीडियो पोस्ट करते हुए यूपीआई टैक्स को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा, ''मोदी जी, यूपीआई टैक्स अभी वापस लो।''

वीडियो संदेश के जरिए राहुल गांधी ने मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा, ''इंदिरा जी से एक बार पूछा गया था कि क्या वह लेफ्ट (वाम) की ओर झुकती हैं या राइट (दक्षिण) की ओर? इस पर उन्होंने जवाब दिया था- मैं न तो लेफ्ट और न ही राइट की ओर झुकती हूं। मैं सीधी खड़ी रहती हूं। हालांकि, मोदी जी की अवधारण इससे बिल्कुल अलग है।''

'हर भारतीय पर लगा दिया टैक्स'

उन्होंने आगे कहा, ''मोदी जी की अवधारण एकदम अलग है। वह न तो लेफ्ट और न ही राइट हैं, उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप के सामने सीधे लेटने का फैसला किया है। उन्होंने यूपीआई पर टैक्स लगाकर हर एक भारतीय पर टैक्स लगा दिया है और अमेरिका को भारी मात्रा में पैसा दे रहे हैं।''

राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी अमेरिका के सामने लेटना (Lying Down) बंद कीजिए। रीढ़ की हड्डी दिखाइये, सीधे खड़े हो जाइये और इस यूपीआई टैक्स को वापस लीजिए। धन्यवाद।

'भारतीयों के साथ किया विश्वासघात'

इससे पहले, कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि 2,000 रुपये से अधिक के यूपीआई भुगतान पर 0.4 प्रतिशत शुल्क लगाने का मोदी सरकार का कदम आम भारतीयों के साथ विश्वासघात है और इससे अंततः उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

राज्यसभा सदस्य सुरजेवाला ने 14 सितंबर को 'डिजिटल उलटफेर' और 'विश्वासघात व समर्पण' का दिन बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र ने 2,000 रुपये से अधिक के 'पर्सन टू मर्चेंट' लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत शुल्क लगाकर आगे और शुल्क लगाने का रास्ता खोल दिया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article