Disha Salian Case: शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को दिशा सालियान मामले से किसी भी तरह का संबंध होने से साफ इनकार किया। उन्होंने कहा कि 2020 के दिशा सालियान मौत मामले को लेकर उनके परिवार के खिलाफ चलाए जा रहे कथित 'चरित्र हनन' अभियान को अगर नहीं रोका गया तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगे।
इस दौरान, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी नाम लिया। हालांकि, उन्होंने व्यंग्यात्मक तौर पर कहा कि मुझे हैरानी है कि इस मामले में मोदी और ट्रंप के नाम क्यों नहीं हैं।
उद्धव ठाकरे का यह बयान बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा दिशा सालियान की मौत की जांच सीबीआई से कराने का आदेश दिए जाने के कुछ दिनों बाद आया। हाई कोर्ट का यह आदेश सालियान के पिता की याचिका पर आया था। इसके बाद सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की। हालांकि, प्राथमिकी में किसी को भी आरोपी नहीं बनाया।
'दिशा सालियान केस से हमारा कोई संबंध नहीं'
समाचार एजेंसी पीटीआई/भाषा के मुताबिक, पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि इस मामले से हमारा कोई संबंध नहीं है। आदित्य (ठाकरे) भी यह कह चुके हैं। यह मुद्दा सिर्फ मेरे बारे में नहीं है। इस तरह का चरित्र हनन आप लोगों के साथ भी हो सकता है।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: दिशा सालियान केस की निगरानी करेंगी CBI की तेज तर्रार अफसर सीमा पाहुजा, हाथरस-RG कर केस में निभा चुकी हैं अहम भूमिका
'दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी सालियान की मौत'
उद्धव ठाकरे ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, "यदि इस तरह के आरोप लगातार लगाए जाते हैं तो कोई कब तक इसे बर्दाश्त करेगा? मुझे हैरानी है कि इस मामले में मोदी और ट्रंप के नाम क्यों नहीं हैं।" उन्होंने दोहराया कि सालियान की मौत दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी, लेकिन उनके परिवार का इससे कोई संबंध नहीं था।
उन्होंने कहा, "यह राजनीतिक रूप से प्रेरित है। हम चुप रहे, क्योंकि एसआईटी (विशेष जांच दल) मामले की जांच कर रही थी। जो लोग जांच करना चाहते हैं, वे करते रहें, लेकिन अब बिना वजह चरित्र हनन बहुत हो चुका है, नहीं तो हम कानूनी कदम उठाएंगे।"
