गुजरात विधानसभा चुनाव 2022

गुजरात में विधानसभा चुनाव (Gujarat Assembly Elections 2022 )होने जा रहा है। चुनावी अखाड़े में उतरने के लिए सभी राजनीतिक दल तैयार हैं। राज्य में इस बार त्रिकोणीय लड़ाई की उम्मीद जताई जा रही है। मुख्य मुकाबला भरातीय जनता पार्टी (BJP), कांग्रेस (Congress) और तीसरी ताकत के रूप में उभरी आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच माना जा रहा है। राज्य में भाजपा बीते 1995 से लगातार सत्ता में है। बाद के विधानसभा चुनाव में उसकी टक्कर कांग्रेस से हुई लेकिन देश की सबसे पुरानी पार्टी भगवा पार्टी को सत्ता से बाहर नहीं कर पाई। 2017 के विधानसभा चुनाव में पहली बार आम आदमी पार्टी ने यहां अपना चुनावी किस्मत आजमाया लेकिन उसे भारी हार का सामना करना पड़ा।

गुजरात में विधानसभा की 182 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए 92 सीटों की जरूरत होती है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को 99 सीटों पर और कांग्रेस को 77 सीटों पर जीत मिली। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी अपना खाता नहीं खोल पाई। गुजरात में आम आदमी पार्टी की सक्रियता को देखते हुए भाजपा सजग हो गई है। हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य का दौरा किया है और विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। केजरीवाल ने वादा किया है कि उनकी सरकार बनने पर 15 लाख युवाओं को नौकरी, मुफ्त में बिजली और बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। गुजरात में समाज और जाति के नाम पर राजनीति में एंट्री करने वाले दो युवा नेता अल्पेश ठाकोर और हार्दिक पटेल भाजपा के साथ जा चुके हैं। इनके जाने से कांग्रेस कमजोर हुई है। खुद राहुल गांधी 'भारत जोड़ो यात्रा' पर हैं।