टेक एंड गैजेट्स

Gmail के इतिहास में पहली बार होने जा रहा यह काम, सालों पुरानी परेशानी होगी खत्म

नई सुविधा के तहत, जब कोई यूजर नया Gmail एड्रेस चुनेगा, तो पुराना एड्रेस हटेगा नहीं। Google पुराने Gmail को एलियस (Alias) की तरह इस्तेमाल करेगा। इसका मतलब यह है कि यूजर पुराने और नए दोनों ईमेल एड्रेस से Google सेवाओं में लॉगिन कर सकेगा।

Image

you can change your old Gmail username

अगर आपको अपने पुराने Gmail यूजरनेम पर अब पछतावा होता है, तो राहत की खबर है। सालों से Gmail एड्रेस को एक स्थायी डिजिटल पहचान माना जाता रहा है, जिसे बदला नहीं जा सकता था लेकिन अब Google इस नियम को बदलने की तैयारी में है। कंपनी एक नया फीचर रोलआउट कर रही है, जिसके तहत यूजर्स अपने @gmail.com वाले ईमेल एड्रेस को भी बदल सकेंगे।

पहली बार Gmail एड्रेस बदलने का मिलेगा विकल्प

अब तक Google केवल उन्हीं अकाउंट्स में ईमेल बदलने की अनुमति देता था, जो किसी थर्ड-पार्टी ईमेल आईडी से बनाए गए हों। Gmail एड्रेस वाले अकाउंट्स में यह सुविधा नहीं थी, लेकिन Google के एक सपोर्ट पेज (जो हिंदी में प्रकाशित किया गया है) से संकेत मिले हैं कि कंपनी अब Gmail यूजर्स को भी अपना ईमेल एड्रेस बदलने का विकल्प देने जा रही है।

पुराना Gmail बनेगा एलियस

नई सुविधा के तहत, जब कोई यूजर नया Gmail एड्रेस चुनेगा, तो पुराना एड्रेस हटेगा नहीं। Google पुराने Gmail को एलियस (Alias) की तरह इस्तेमाल करेगा। इसका मतलब यह है कि यूजर पुराने और नए दोनों ईमेल एड्रेस से Google सेवाओं में लॉगिन कर सकेगा। इतना ही नहीं, पुराने Gmail एड्रेस पर आने वाले ईमेल भी पहले की तरह मिलते रहेंगे। Google ने साफ किया है कि फोटो, मैसेज, ईमेल और अन्य डेटा पर इस बदलाव का कोई असर नहीं पड़ेगा।

कुछ पाबंदियां भी रहेंगी लागू

हालांकि, इस सुविधा के साथ कुछ सीमाएं भी तय की गई हैं। Google के मुताबिक, ईमेल एड्रेस बदलने के बाद यूजर एक साल तक नया Google अकाउंट नहीं बना पाएगा। इसके अलावा कोई भी यूजर अपने Gmail एड्रेस को कुल मिलाकर सिर्फ तीन बार ही बदल सकेगा।

फिलहाल सभी के लिए उपलब्ध नहीं

Google ने यह भी बताया है कि यह फीचर अभी सभी यूज़र्स के लिए लाइव नहीं हुआ है। इसे धीरे-धीरे रोलआउट किया जा रहा है, इसलिए संभव है कि कुछ यूजर्स को इसके लिए थोड़ा इंतजार करना पड़े। शुरुआत में यह विकल्प सीमित अकाउंट्स पर ही दिखाई देगा।

क्यों है यह बदलाव अहम?

कई यूज़र्स ने सालों पहले जल्दबाजी में या कम उम्र में Gmail आईडी बना ली थी, जो अब प्रोफेशनल या पर्सनल जरूरतों के हिसाब से सही नहीं लगती। ऐसे में Google का यह कदम यूजर्स को बिना नया अकाउंट बनाए अपनी डिजिटल पहचान सुधारने का मौका देगा।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article