देश

जम्मू-कश्मीर पुलिस का SPO किश्तवाड़ में लापता, सर्विस राइफल भी गायब, सर्च ऑपरेशन जारी

Kishtwar SPO Missing: जम्मू-कश्मीर पुलिस के एसपीओ बशीर अहमद त्रिगाम पुलिस पिकेट पर तैनात थे। गुरुवार सुबह वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान वह रास्ते से लापता हो गए। बताया जा रहा है कि वह अपनी सर्विस राइफल के साथ गायब हुए हैं।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- PTI)

Kishtwar SPO Missing: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां जम्मू-कश्मीर पुलिस का एक स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) अपनी सर्विस राइफल के साथ लापता हो गया है। लापता SPO की पहचान 55 वर्षीय बशीर अहमद के रूप में हुई है, जो त्रिगाम का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक, बशीर अहमद त्रिगाम पुलिस पिकेट पर तैनात था। वह बुधवार रात को पिकेट पर ड्यूटी पर था और गुरुवार सुबह यानी आज सुबह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान वह रास्ते से लापता हो गया। बताया जा रहा है कि वह अपनी सर्विस राइफल के साथ ही गायब हुआ है।

कश्मीर पुलिस चला रही सर्च ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत कई टीमों का गठन कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें त्रिगाम और आसपास के जंगलों, गांवों और संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। ड्रोन और अन्य तकनीकी साधनों की भी मदद ली जा रही है। हालांकि अभी तक बशीर अहमद के लापता होने के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है कि क्या वह निजी कारणों से लापता हुआ है या इसके पीछे कोई और वजह है। सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं क्योंकि SPO के पास सर्विस राइफल है।

क्या होते हैं SPO?

जम्मू-कश्मीर पुलिस में स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) स्थानीय युवाओं में से चुने जाते हैं। ये नियमित पुलिस बल के साथ आतंकवाद-रोधी अभियानों, पहाड़ी और सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद करते हैं। ये स्थानीय भाषा और भूगोल को अच्छी तरह समझते हैं, इसलिए इनकी भूमिका काफी अहम मानी जाती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में करीब 32 हजार SPO तैनात हैं, जो दूर-दराज के पहाड़ी और आतंकवाद प्रभावित इलाकों में ड्यूटी कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे ढूंढने का दावा कर रही है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article