टेक एंड गैजेट्स

स्मार्टफोन के ऊपर और नीचे क्यों बने होते हैं ये छोटे छेद? 90% लोगों नहीं जानते इनका काम

आपने गौर किया होगा कि स्मार्टफोन के बॉटम साइड में चार्जिंग पोर्ट के बगल में एक छोटा सा छेद दिया जाता है। वहीं फोन के टॉप पर भी आपको एक ऐसा ही छेद देखने को मिलेगा। आइए आपको बताते हैं कि इनका क्या काम होता है?

Image

स्मार्टफोन में दिए गए इन छोटे छेदों का काफी बड़ा रोल होता है।

आज के समय में स्मार्टफोन हर व्यक्ति की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। लोग फोन खरीदते समय कैमरा, प्रोसेसर, बैटरी और डिस्प्ले जैसी खूबियों पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन शायद ही कभी किसी ने यह सोचा हो कि फोन के ऊपर और नीचे बने छोटे-छोटे छेद आखिर किस काम के होते हैं। कई लोग इन्हें सिर्फ डिजाइन का हिस्सा समझते हैं, जबकि वास्तव इनका स्मार्टफोन में काफी जरूरी काम होता है।

आपने गौर किया होगा कि स्मार्टफोन के बॉटम साइड में चार्जिंग पोर्ट के बगल में एक छोटा सा छेद दिया जाता है। वहीं फोन के टॉप पर भी आपको एक ऐसा ही छेद देखने को मिलेगा। आइए आपको बताते हैं कि इनका क्या काम होता है?

ये छोटा छेद किस काम आता है?

स्मार्टफोन के निचले हिस्से में चार्जिंग पोर्ट के पास दिखाई देने वाला छोटा छेद आमतौर पर प्राइमरी माइक्रोफोन होता है। जब आप किसी से फोन पर बात करते हैं, वॉयस मैसेज रिकॉर्ड करते हैं या वीडियो बनाते हैं, तब आपकी आवाज सबसे पहले इसी माइक्रोफोन के जरिए कैप्चर होती है।

यही माइक्रोफोन आपकी आवाज को डिजिटल सिग्नल में बदलकर दूसरे व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करता है। यदि यह माइक्रोफोन खराब हो जाए तो कॉल के दौरान सामने वाले व्यक्ति को आपकी आवाज सुनाई नहीं देगी या बहुत धीमी सुनाई दे सकती है।

ऊपर बना छोटा छेद क्यों होता है?

फोन के ऊपरी हिस्से में मौजूद छोटा छेद आमतौर पर सेकेंडरी माइक्रोफोन होता है। इसका मुख्य काम आसपास के वातावरण की आवाज (Ambient Noise) को पहचानना होता है। जब आप भीड़भाड़ वाली जगह, सड़क या बाजार में किसी से बात करते हैं, तब यह माइक्रोफोन आसपास का शोर रिकॉर्ड करता है। इसके बाद स्मार्टफोन का प्रोसेसर विशेष सॉफ्टवेयर एल्गोरिद्म की मदद से आपकी आवाज और बाहरी शोर में अंतर करता है और अनावश्यक आवाज को कम कर देता है। इस प्रक्रिया को नॉइज़ कैंसिलेशन (Noise Cancellation) कहा जाता है। इस तकनीक की वजह से सामने वाले व्यक्ति तक आपकी आवाज अधिक साफ और स्पष्ट पहुंचती है।

वीडियो रिकॉर्डिंग में भी निभाता है अहम भूमिका

आज अधिकांश स्मार्टफोन 4K और यहां तक कि 8K वीडियो रिकॉर्ड करने में सक्षम हैं। वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान केवल अच्छी तस्वीर ही नहीं, बल्कि साफ ऑडियो भी बेहद जरूरी होता है।

फोन के ऊपर और नीचे मौजूद दोनों माइक्रोफोन मिलकर स्टीरियो ऑडियो रिकॉर्डिंग में मदद करते हैं। इससे वीडियो में आवाज अधिक प्राकृतिक और स्पष्ट सुनाई देती है। कई प्रीमियम स्मार्टफोन दिशा के अनुसार आवाज रिकॉर्ड करने की क्षमता भी रखते हैं, जिससे वीडियो की ऑडियो क्वालिटी और बेहतर हो जाती है।

क्या इन छेदों की सफाई करनी चाहिए?

समय के साथ माइक्रोफोन के छेद में धूल या महीन कण जमा हो सकते हैं, जिससे आवाज की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। सफाई करते समय तेज नुकीली वस्तु का उपयोग नहीं करना चाहिए। इसके बजाय मुलायम ब्रश या हल्की हवा (एयर ब्लोअर) की मदद से सफाई करना अधिक सुरक्षित माना जाता है।
Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article