व्हाट्सएप सेफ्टी फीचर:ऑनलाइन ठगी और साइबर हमलों से यूजर्स को बचाने के लिए WhatsApp लगातार नए प्राइवेसी और सिक्योरिटी फीचर्स पर काम कर रहा है। अब रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाट्सएप एक नए सेफ्टी फीचर को रोल आउट कर रहा है, जो यूजर्स को अनजान नंबर से आने वाले मैसेज और संभावित जोखिम वाली चैट के बारे में अलर्ट करेगा। यह नया फीचर यूजर्स को किसी अजनबी व्यक्ति से बातचीत शुरू करने से पहले ज्यादा सावधानी बरतने में मदद करेगा। बताया जा रहा है कि यह फीचर एंड्रॉयड और आईओएस दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है।
अनजान चैट खोलने से पहले दिखेगा अलर्ट
फीचर ट्रैकर WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाट्सएप में नया वार्निंग मैसेज फीचर देखा गया है। जब कोई यूजर किसी ऐसे नंबर से आई चैट खोलेगा, जो उसके कॉन्टैक्ट में सेव नहीं है, तो ऐप स्क्रीन पर एक सुरक्षा चेतावनी दिखा सकता है। इसका उद्देश्य यूजर्स को यह सोचने का मौका देना है कि वे किसी अनजान व्यक्ति से बातचीत आगे बढ़ाना चाहते हैं या नहीं।
व्हाट्सएप बताएगा नंबर की जरूरी जानकारी
रिपोर्ट के मुताबिक, इस वार्निंग में उस फोन नंबर का देश बताया जाएगा, जहां से वह नंबर रजिस्टर्ड है। इसके अलावा यह भी जानकारी मिलेगी कि वह नंबर यूजर के कॉन्टैक्ट में सेव है या नहीं और क्या उस व्यक्ति के साथ कोई कॉमन ग्रुप मौजूद है। इससे यूजर आसानी से समझ सकेगा कि सामने वाला व्यक्ति भरोसेमंद है या नहीं।
ठगी और फर्जी मैसेज से बचाने की कोशिश
नए अलर्ट में एक चेतावनी संदेश भी शामिल होगा, जिसमें यूजर को बताया जाएगा कि स्कैमर्स उन्हें निजी जानकारी, पासवर्ड या पैसे भेजने के लिए फंसा सकते हैं। जानकारी जांचने के बाद यूजर के पास चैट जारी रखने या उसे कैंसिल करने का विकल्प होगा। खास बात यह है कि सामने वाले व्यक्ति को यूजर के इस फैसले की जानकारी नहीं मिलेगी।
व्हाट्सएप पर जल्द आ सकते हैं और नए फीचर्स
रिपोर्ट्स के अनुसार, व्हाट्सएप कई अन्य नए फीचर्स पर भी काम कर रहा है। इनमें होम स्क्रीन पर इस्तेमाल किए जाने वाले डेडिकेटेड वॉइस नोट विजेट और आईफोन यूजर्स के लिए व्यू-वन टेक्स्ट मैसेज फीचर शामिल हैं। नए सिक्योरिटी फीचर के आने से स्पैम मैसेज, ऑनलाइन फ्रॉड और अनजान नंबर से होने वाली ठगी को रोकने में मदद मिल सकती है।
