टेक एंड गैजेट्स

Sony का बड़ा फैसला, 2028 से नए PlayStation गेम्स सिर्फ डिजिटल होंगे, नहीं मिलेगी Disc

अगर आप गेमिंग का शौक रखते हैं और आपके पास Sony PlayStation है तो आपके लिए काम की खबर है। सोनी की तरफ से बड़ा ऐलान किया गया है। कंपनी 2028 से नए गेम के लिए डिस्क नहीं डिजाइन करेगी।

Image

सोनी के इस फैसले का करोड़ों यूजर्स पर सीधा असर पड़ने वाला है।(फोटो क्रेडिट-iStock)

Sony Interactive Entertainment ने बुधवार को घोषणा की है कि जनवरी 2028 से PlayStation कंसोल के लिए लॉन्च होने वाले सभी नए गेम्स की फिजिकल डिस्क (Blu-ray) बनाना बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद PS5 और भविष्य में आने वाले PS6 के नए गेम्स सिर्फ डिजिटल रूप में PlayStation Store और चुनिंदा रिटेलर्स के जरिए खरीदे जा सकेंगे।

कंपनी की तरफ से अपने ब्लॉग पोस्ट (PlayStation.Blog) में इस बात की जानकारी देते हुए कहा गया कि जनवरी 2028 से पहले लॉन्च हुए सभी गेम्स पहले की तरह Blu-ray डिस्क पर उपलब्ध रहेंगे। यह बदलाव केवल 2028 के बाद रिलीज होने वाले नए गेम्स पर लागू होगा। मतलब 2028 से गेम्स की फिजिकल डिस्क का प्रोडक्शन पूरी तरह से बंद हो जाएगा।

क्यों लिया गया यह फैसला?

Sony का कहना है कि अब ज्यादातर गेमर्स फिजिकल डिस्क की बजाय डिजिटल गेम खरीदना पसंद करते हैं। कंपनी के मुताबिक, इस बदलाव से वह अपने संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर पाएगी और खिलाड़ियों को गेम्स तक आसान पहुंच देने पर ज्यादा ध्यान दे सकेगी। Sony ने बताया कि खिलाड़ी आगे भी PlayStation Store से गेम खरीद सकेंगे। इसके अलावा, कंपनी के रिटेल पार्टनर्स डिजिटल गेम डाउनलोड कोड भी बेचते रहेंगे।

GTA 6 से शुरू हो चुका है यह बदलाव

यह बदलाव धीरे-धीरे अभी से देखने को मिल रहा है। Rockstar Games ने पुष्टि की है कि इस नवंबर लॉन्च होने वाले Grand Theft Auto VI (GTA 6) के PS5 फिजिकल एडिशन में खेलने वाली डिस्क नहीं होगी। बॉक्स के अंदर सिर्फ एक डाउनलोड कोड मिलेगा, जिससे गेम डिजिटल रूप में डाउनलोड किया जा सकेगा।

गेमर्स पर क्या पड़ेगा असर?

इस फैसले से Sony और गेम पब्लिशर्स की मैन्युफैक्चरिंग और डिस्ट्रीब्यूशन लागत कम होगी। लेकिन गेमर्स के लिए कुछ बदलाव भी होंगे। फिजिकल डिस्क की तरह डिजिटल गेम्स को दोबारा बेचना, एक्सचेंज करना या किसी दोस्त को आसानी से देना संभव नहीं होता। इसका मतलब है कि 2028 के बाद नए गेम्स का सेकंड-हैंड मार्केट काफी हद तक खत्म हो सकता है।

यह फैसला Sony की पिछली सोच से काफी अलग माना जा रहा है। साल 2013 में Microsoft ने Xbox One के लिए ऑनलाइन ऑथेंटिकेशन की शर्त रखी थी। उस समय Sony ने 'Official PlayStation Used Game Instructional Video' नाम का एक छोटा वीडियो जारी किया था, जिसमें सिर्फ एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति को PS4 गेम डिस्क देता हुआ दिखाया गया था।

इस वीडियो के जरिए Sony ने यह संदेश दिया था कि PlayStation के फिजिकल गेम्स को बिना किसी रोक-टोक के दोस्तों के साथ शेयर किया जा सकता है, उधार दिया जा सकता है और दोबारा बेचा भी जा सकता है। अब 2028 से डिजिटल-ओनली मॉडल अपनाने के साथ कंपनी का रुख पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article