टेक एंड गैजेट्स

क्या आप भी ले रहे हैं नया Smartphone? RAM ही नहीं, इन बातों का भी रखें खास ख्याल

Smartphone Buying Guide: नया स्मार्टफोन खरीदने की बारी आती है तो बहुत से लोग बेहतर मल्टीटास्टिंग और लैग-फ्री गेमिंग के लिए केवल रैम पर ध्यान देते हैं।

Image

नया स्मार्टफोन खरीद रहे हैं तो इन बातों पर दें खास ध्यान (Photo: iStock)

Smartphone Buying Guide: नया स्मार्टफोन (Smartphone) खरीदते समय ज्यादातर लोग सबसे पहले रैम (RAM) और स्टोरेज देखते हैं। ज्यादा रैम को फोन की बेहतर परफॉर्मेंस से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन केवल रैम के आधार पर स्मार्टफोन चुनना सही फैसला साबित नहीं हो सकता। फोन की स्पीड, कैमरा, बैटरी, डिस्प्ले और सॉफ्टवेयर जैसे कई दूसरे फैक्टर भी रोजमर्रा के इस्तेमाल से जुड़े हैं। आइए जानते हैं नया स्मार्टफोन खरीदते समय कौन-सी बातों का खास ख्याल रखा जाना चाहिए-

प्रोसेसर और चिपसेट

फोन की परफॉर्मेंस में प्रोसेसर की अहम भूमिका होती है। अलग-अलग प्रोसेसर का इस्तेमाल होने के कारण एक ही RAM वाले दो स्मार्टफोन की स्पीड अलग हो सकती है। इसलिए फोन खरीदने से पहले चिपसेट का मॉडल और उसका क्षमता की जांच की जानी चाहिए। गेमिंग और मल्टीटास्किंग के लिए बेहतर प्रोसेसर ज्यादा बेहतर हो सकता है।

स्टोरेज और स्पीड

सिर्फ स्टोरेज की क्षमता देखना काफी नहीं है। 128GB या 256GB स्टोरेज कितना तेज है, यह भी फोन के एक्सपीरियंस को प्रभावित करता है। तेज स्टोरेज से ऐप्स खुलने और डेटा ट्रांसफर जैसे काम बेहतर तरीके से हो सकते हैं। अगर आप ज्यादा फोटो, वीडियो और ऐप्स रखते हैं तो ज्यादा स्टोरेज वाला फोन चुनना बेहतर रहेगा।

डिस्प्ले की क्वालिटी

फोन इस्तेमाल करने के दौरान फोन की डिस्प्ले ही सबसे ज्यादा देखी जाती है। इसलिए डिस्प्ले का साइज, रिजॉल्यूशन, ब्राइटनेस और रिफ्रेश रेट जैसी बातें भी मायने रखती हैं। अगर फोन का इस्तेमाल वीडियो देखने या गेम खेलने के लिए ज्यादा करते हैं तो बेहतर डिस्प्ले एक्सपीरियंस को काफी अच्छा बना सकता है।

कैमरा सेटअप

बहुत से लोग कैमरे के मेगापिक्सल को देखकर फोन खरीदते हैं। जबकि सेंसर की क्वालिटी, फोटो प्रोसेसिंग, लो-लाइट परफॉर्मेंस, वीडियो रिकॉर्डिंग और फ्रंट कैमरा जैसे पहलुओं पर भी ध्यान देना जरूरी है। ज्यादा मेगापिक्सल का मतलब हमेशा बेहतर इमेज क्वालिटी नहीं होता।

बैटरी और चार्जिंग

बैटरी क्षमता के साथ फोन की चार्जिंग स्पीड भी मायने रखती है। अगर आप फोन का इस्तेमाल ज्यादा करते हैं तो बड़ी बैटरी वाला मॉडल देख सकते हैं। साथ ही देखें कि चार्जर बॉक्स में मिलता है या अलग से खरीदना पड़ेगा और फोन कितनी तेज चार्जिंग सपोर्ट करता है।

सॉफ्टवेयर और अपडेट

फोन कितने साल तक सॉफ्टवेयर और सिक्योरिटी अपडेट पाएगा, यह भी खरीदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। लंबे समय तक अपडेट मिलने से फोन को ज्यादा समय तक सुरक्षित और उपयोगी बनाए रखने में मदद मिलती है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article