Liking Social Media Posts Scam: साल 2023 ऑनलाइन स्कैम का साल रहा है। न्यू ईयर स्कैम से लेकर दिवाली स्कैम और फ्री आईफोन स्कैम तक के मामले सामने आए थे। अब साल 2024 में साइबर धोखाधड़ी के मामले थमते नहीं दिख रहे हैं। ऑनलाइन जालसाजों के झांसे में आकर लोग हजारों-लाखों रुपये गंवा रहे हैं। अब ऐसा ही एक नया मामला सामने आया है, जिसमें, पुणे के एक इंजीनियर को सोशल मीडिया पर पोस्ट लाइक करने के बाद 20.32 लाख रुपये का स्कैम हुआ है।
ये है स्कैम का पूरा मामला
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित का नाम अविनाश कृष्णनकुट्टी कुन्नुबारम है, जो पुणे के रहने वाले है और पेश से आईटी इंजीनियर हैं। अविनाश को पिछले साल मार्च में एक अज्ञात नंबर से एक मैसेज मिला था, जिसमें उन्हें अधिक पैसे कमाने का मौका दिया गया था। अविनाश को कुछ ऑनलाइन कार्यों को पूरा करने का टास्क दिया गया था।
अधिक पैसा कमाने की उम्मीद में अविनाश ने टास्क करना शुरू किया। कुछ टास्क पूरा करने के बाद अविनाश को पैसे भी मिले, जिससे उसे जालसाज पर विश्वास हो गया। हालांकि, बाद में अविनाश को ज्यादा पैसा कमाने के लिए इन्वेस्ट करने के लिए कहा गया। दिसंबर 2023 के अंत तक अविनाश ने जालसाजों को 20.32 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। पैसे वापस नहीं मिलने पर उसे धोखाधड़ी का शिकार होने का अंदेशा हुआ। इसके बाद 3 जनवरी 2024 को अविनाश ने साइबर पुलिस में शिकायत की है।
आप न करें अविनाश वाली गलती
- किसी भी अनजान लिंक और अनजान ईमेल, मैसेज या कॉल से सावधान रहें।
- अनजान लिंक पर क्लिक करने या अटैचमेंट डाउनलोड करने से बचें।
- केवल सुरक्षित और प्रतिष्ठित वेबसाइटों पर ही व्यक्तिगत जानकारी प्रदान करें। URL में "https://" वाले कनेक्शन सिक्योर होते हैं।
- पार्ट टाइम जॉब के नाम पर पेमेंट करने वाले सोर्स की जांच करें। कोई भी कंपनी जॉब देने के लिए पैसे की मांग नहीं करती है।
- अपने ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और एंटीवायरस सॉफ्टवेयर को अपडेट रखें।
