देश

'वोट चोरी' रैली के प्रचार के लिए राहुल गांधी ने भाजपा को कहा धन्यवाद, बोले- अगले 7 दिन भी यही जोश बनाए रखें

INDIA Bloc Rally: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को आरोप लगाया कि लोगों के वोट चुराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ''ये हम किसी हाल में चुपचाप नहीं सहेंगे।''

Image

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)

INDIA Bloc Rally: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि 'वोट चोरी' के मुद्दे पर एक नवंबर को होने वाली 'इंडिया' गठबंधन की रैली का ''जोर-शोर से प्रचार'' करने और रैली के आह्वान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगियों का ''दिल से धन्यवाद''।

'लोगों के वोट चुराए जा रहे'

'इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस' (INDIA) गठबंधन की यह रैली विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) पर चुनावी अनियमितताओं के आरोपों को लेकर विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों का हिस्सा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी ने आरोप लगाया कि लोगों के वोट चुराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ''ये हम किसी हाल में चुपचाप नहीं सहेंगे।''

भाजपा पर बरसे राहुल गांधी

गांधी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''मतदाता सूचियों से नाम काटे गए। नियम-कानून तोड़े गए और सवाल पूछने वालों पर लाठियां चलीं। अब जवाब देश देगा।'' उन्होंने पोस्ट में लिखा, ''एक नवंबर - चलो दिल्ली। वोट बचाओ - देश बचाओ जन मार्च और महारैली। छात्र, किसान, मजदूर, महिलाएं, नौजवान और व्यापारी - जिस-जिस को लोकतंत्र की फिक्र है, वो जरूर आएं। वोट आपका है। लड़ाई भी आपकी है। रामलीला मैदान, नयी दिल्ली।''

उन्होंने कहा, ''भाजपा और उसके साथियों का दिल से धन्यवाद, जो इस कार्यक्रम का इतना जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं और इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा रहे हैं।'' गांधी ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, ''बस अगले सात दिन भी यही जोश और लगन बनाए रखिए।''

भाजपा ने शनिवार को दिल्ली में होने वाली 'इंडिया' गठबंधन की रैली को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा था। पार्टी ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी एक नवंबर को ही रैली आयोजित करने पर ''अड़े'' हैं और 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने की कोशिश कर रहे हैं। नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने दावा किया कि 'इंडिया' गठबंधन के कई घटक दल कांग्रेस की एक नवंबर को रैली आयोजित करने की योजना से सहमत नहीं हैं और कार्यक्रम की तारीख बदलना चाहते हैं।

कांग्रेस का सबसे बड़ा प्रदर्शन

कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने रामलीला मैदान तक होने वाले 'दिल्ली चलो मार्च' को ''वोट चोरी'' के खिलाफ पार्टी का अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन बताया। कांग्रेस ने कहा कि एक नवंबर को होने वाली उसकी रैली विपक्षी गठबंधन की एकजुटता का मजबूत संदेश देगी। पार्टी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन लोकतंत्र की रक्षा करने और ''वोट चोरों को सत्ता से बाहर करने'' के लिए एकजुट है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article