OWS vs TWS Earphones: अगर आप नया वायरलेस ईयरफोन खरीदने की सोच रहे हैं तो आपके सामने दो विकल्प सबसे पहले आते हैं- TWS (True Wireless Stereo) और अब नया ट्रेंड OWS (Open Wearable Stereo)। दिखने में दोनों आकर्षक हैं लेकिन तकनीक और यूजर एक्सपीरियंस के लिहाज से इन दोनों में कई फर्क हैं। यहां हम आपको इन दोनों ईयरफोन के बीच के मुख्य अंतर बता रहे हैं। ताकि आप अपने लिए बेहतर विकल्प ले सकें।
डिजाइन और फिटिंग में बड़ा फर्क
TWS ईयरफोन पूरी तरह से कान के भीतर फिट होते हैं और एयरटाइट सीलिंग के कारण बेहतर नॉइज आइसोलेशन देते हैं। वहीं, OWS ईयरफोन ओपन-ईयर डिजाइन पर आधारित होते हैं जो कान को पूरी तरह से बंद नहीं करते। ये आमतौर पर कान के बाहर या चारों ओर सेट होते हैं जिससे लंबे समय तक पहनना ज्यादा आरामदायक होता है।
नॉइज आइसोलेशन बनाम ऑडियो अवेयरनेस
TWS ईयरफोन का सबसे बड़ा फायदा यह है कि वे बाहरी शोर को लगभग पूरी तरह से ब्लॉक कर देते हैं, जिससे म्यूजिक का एक्सपीरियंस बेहतर होता है। इसके विपरीत, OWS ईयरफोन बाहरी शोर को आने देते हैं। ऐसे में ये उन लोगों के लिए बेहतर हैं जो वॉकिंग, साइक्लिंग या ऑफिस में काम करते वक्त आसपास की हलचल को भी सुनना चाहते हैं।
बैटरी बैकअप और चार्जिंग स्टाइल
TWS ईयरफोन चार्जिंग केस के साथ आते हैं, जिससे उन्हें ऑन-द-गो चार्ज करना आसान हो जाता है। हालांकि, इनका बैटरी बैकअप आमतौर पर 3 से 4 घंटे (केस के बिना) का होता है। वहीं OWS ईयरफोन की बैटरी अपेक्षाकृत बड़ी होती है, इसलिए ये लंबे समय तक चल सकते हैं, लेकिन इनमें केस चार्जिंग की सुविधा कम ही होती है।
एक्टिव यूजर्स के लिए कौन बेहतर?
अगर आप जॉगिंग, साइकलिंग, या वर्कआउट करते वक्त ईयरफोन इस्तेमाल करते हैं, तो OWS एक बेहतर विकल्प है क्योंकि ये कानों पर हल्के रहते हैं और पसीने से परेशान नहीं करते। दूसरी ओर, TWS ईयरफोन ज्यादा कसकर फिट होते हैं और रनिंग के दौरान गिरने का खतरा कम होता है, लेकिन लंबे समय तक पहनने पर कानों में थकान हो सकती है।
कनेक्टिविटी और साउंड क्वालिटी
TWS ईयरफोन ब्लूटूथ 5.0 या उससे ऊपर की तकनीक के साथ आते हैं और ड्युअल चैनल कनेक्शन की सुविधा देते हैं। इनकी साउंड क्वालिटी बास और डीटेल्स के मामले में बेहतर होती है। वहीं OWS में साउंड ओपन रहता है, जिससे बास कम महसूस होता है, लेकिन कान को नुकसान नहीं पहुंचाता और नैचुरल साउंडिंग अनुभव देता है।
खरीदने से पहले क्या सोचें?
OWS और TWS दोनों के अपने फायदे हैं। अगर आप म्यूजिक का प्रीमियम एक्सपीरियंस चाहते हैं और बाहरी शोर से बचना चाहते हैं, तो TWS आपके लिए सही है। लेकिन अगर आपको ऑडियो के साथ आसपास की हलचल भी सुननी है और लंबे समय तक आराम चाहिए, तो OWS एक बेहतर विकल्प हो सकता है।
