टेक एंड गैजेट्स

ऑनलाइन गेमिंग पर लगेंगे प्रतिबंध! सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग प्राधिकरण के गठन का प्रस्ताव रखा

अधिनियम के तहत ऑनलाइन मनी गेमिंग सेवाओं के लिए तीन साल तक के कारावास या एक करोड़ रुपये तक जुर्माना, और प्रचार करने वालों के लिए दो साल तक के कारावास या 50 लाख रुपये जुर्माना निर्धारित है।

Image

ऑनलाइन गेमिंग को लेकर जल्द लागू हो सकते हैं नए नियम। (फोटो क्रेडिट-iStock)

सरकार ने ई-स्पोर्ट्स, डिजिटल सोशल गेम्स और धन-आधारित ऑनलाइन गेमिंग पर प्रतिबंध को लागू करने के लिए 'भारतीय ऑनलाइन गेमिंग प्राधिकरण' (ओजीएआई) के गठन का प्रस्ताव रखा है। इसे सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की अगुवाई में गठित किया जाएगा। ऑनलाइन गेमिंग प्रोत्साहन एवं नियमन (पीआरओजी) अधिनियम, 2025 के तहत जारी किए गए मसौदा नियमों के मुताबिक, यह प्राधिकरण केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय और वित्तीय सेवाओं के विभाग के साथ समन्वय में काम करेगा।

मसौदे नियमों के मुताबिक, "केंद्र सरकार की तरफ आधिकारिक राजपत्र में अधिसूचना जारी करने की तिथि से 'भारतीय ऑनलाइन गेमिंग प्राधिकरण' नाम का एक प्राधिकरण स्थापित किया जाएगा।" ओजीएआई का अध्यक्ष इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के पद के बराबर होगा।

नियमों का उल्लंघन करने पर रद्द होगा पंजीकरण

यह प्राधिकरण कानूनी रूप से खेले जाने लायक ई-स्पोर्ट्स और ऑनलाइन सोशल गेम्स को मान्यता देगा जबकि नियमों का उल्लंघन करने पर उनका पंजीकरण रद्द या निलंबित कर सकता है। यदि कोई ऑनलाइन गेम धन-आधारित पाया जाता है तो सेवा प्रदाता को तुरंत रोक लगाने, प्रचार पर प्रतिबंध लगाने और दंडित करने का प्रावधान है।

इस अधिनियम के तहत ऑनलाइन मनी गेमिंग सेवाओं के लिए तीन साल तक के कारावास या एक करोड़ रुपये तक जुर्माना, और प्रचार करने वालों के लिए दो साल तक के कारावास या 50 लाख रुपये जुर्माना निर्धारित है। मसौदा नियम अधिकृत अधिकारियों को संदिग्ध स्थानों (भौतिक या डिजिटल उपकरण) पर बिना वारंट प्रवेश, तलाशी और गिरफ्तारी की शक्ति देते हैं। सरकार ने मसौदा नियमों पर सुझाव और सार्वजनिक टिप्पणियां 31 अक्टूबर तक आमंत्रित की हैं।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article