OnePlus Pad Lite: वनप्लस ने भारत में अपना नया टैबलेट OnePlus Pad Lite लॉन्च कर दिया है। इसमें 11 इंच की बड़ी HD+ डिस्प्ले, 9,340mAh की लंबी चलने वाली बैटरी और MediaTek Helio G100 प्रोसेसर जैसे फीचर्स दिए गए हैं। यह टैबलेट Wi-Fi और LTE दोनों वेरिएंट्स में उपलब्ध है और 1 अगस्त से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा।
कीमत और उपलब्धता
OnePlus Pad Lite की शुरुआती कीमत ₹15,999 रखी गई है, जो कि 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले Wi-Fi मॉडल के लिए है। वहीं, 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वाला Wi-Fi + 4G LTE वेरिएंट ₹17,999 में मिलेगा। कंपनी ₹2,000 का इंस्टेंट डिस्काउंट और ₹1,000 का लॉन्च ऑफर भी दे रही है। टैबलेट को वनप्लस इंडिया वेबसाइट, अमेजन, फ्लिपकार्ट सहित कई ऑनलाइन और ऑफलाइन स्टोर्स से खरीदा जा सकेगा।
दमदार डिस्प्ले और ऑडियो क्वालिटी
OnePlus Pad Lite में 11 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले है, जिसमें 90Hz रिफ्रेश रेट और 180Hz टच सैंपलिंग रेट मिलता है। इसमें TÜV Rheinland सर्टिफिकेशन भी है। ऑडियो के लिए इसमें क्वाड स्पीकर सिस्टम दिया गया है जो Hi-Res Audio Gold Standard को सपोर्ट करता है।
परफॉर्मेंस और कनेक्टिविटी फीचर्स
OnePlus Pad Lite में MediaTek Helio G100 चिपसेट, 8GB तक रैम और 128GB स्टोरेज पैक किया गया है। टैबलेट OxygenOS 15.0.1 पर चलता है, जो Android 15 पर आधारित है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें Wi-Fi, 4G LTE, Bluetooth 5.4 और USB Type-C पोर्ट मिलता है। टैबलेट में फेस अनलॉक जैसे सिक्योरिटी फीचर्स भी शामिल हैं।
कैमरा और बैटरी
OnePlus Pad Lite में 5MP का फ्रंट और 5MP का रियर कैमरा दिया गया है। इसकी 9,340mAh की बैटरी 33W SuperVOOC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।
