टेक एंड गैजेट्स

सरकार की सख्ती से झुका गूगल, कुछ ही घंटे में प्ले स्टोर पर लौटे शादी डॉट कॉम सहित अन्य ऐप

Google De-listing Action On Indian App: केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव के हस्तक्षेप के बाद, गूगल ने अपने सभी ऐप्स को बहाल कर दिया है। बता दें कि केंद्रीय मंत्री ने सोमवार को गूगल के साथ बैठक बुलाई है।

Image

google play store

Google De-listing Action On Indian App: सरकार की सख्ती के बाद गूगल प्ले स्टोर पर शादी डॉट कॉम, नौकरी डॉट कॉम और एल्टबालाजी जैसे तमाम भारतीय ऐप्स की वापसी हो गई है। टेक दिग्गज गूगल ने सरकार के हस्तक्षेप के बाद प्ले स्टोर से हटाए गए कुछ भारतीय ऐप्स को फिर से बहाल कर दिया है। बता दें कि बिलिंग पॉलिसी का पालन नहीं करने पर गूगल ने एक दर्जन से अधिक लोकप्रिय भारतीय ऐप्स को प्ले स्टोर से हटा दिया था।

गूगल की कार्रवाई से सरकार ने जताई थी नाराजगी

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव के हस्तक्षेप के बाद, गूगल ने अपने सभी ऐप्स को बहाल कर दिया है। मंत्री ने सोमवार को गूगल के साथ बैठक बुलाई है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गूगल द्वारा प्ले स्टोर से इन एप्लिकेशन को हटाने पर सरकार का कड़ा विरोध जताया था।

प्ले स्टोर पर ऐप्स की हुई वापसी

गूगल ने Info Edge India के कुछ प्रमुख ऐप्स, जैसे Naukri, 99acres, Naukri Gulf को बहाल कर दिया है। वहीं मैट्रिमोनी ऐप शादी डॉट कॉम और भारत मैट्रिमोनी भी प्ले स्टोर पर वापस आ गए हैं। इन्फो एज के सह-संस्थापक संजीव बिखचंदानी ने भी प्ले स्टोर पर ऐप्स की वापसी की पुष्टि की है।

क्या है पूरा मामला?

गूगल ने शनिवार को अपनी बिलिंग पॉलिसी का पालन नहीं करने पर एक दर्जन से अधिक लोकप्रिय भारतीय ऐप्स को प्ले स्टोर से हटा दिया। इन ऐप्स में हायरिंग प्लेटफॉर्म नौकरी डॉट कॉम, मैट्रिमोनी सर्विस शादी डॉट कॉम और भारत मैट्रिमोनी, ऑडियो स्टोरीटेलिंग प्लेटफॉर्म कुकू एफएम, ओटीटी प्लेटफार्म ऑल्ट बालाजी, डेटिंग प्लेटफॉर्म ट्रूली मैडली और रियल-एस्टेट मैनेजर 99acres जैसे ऐप्स शामिल थे। अब कुछ ही घंटों में इन ऐप की प्ले स्टोर पर वापसी हो गई है।

गूगल को झेलना पड़ा विरोध

बता दें कि केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गूगल की कार्रवाई पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि सरकार ऐप्स की डी-लिस्टिंग की अनुमति नहीं देगी और इस कार्रवाई के जवाब में टेक दिग्गज के साथ बैठक बुलाई है। वहीं भारत मैट्रिमोनी के संस्थापक मुरुगावेल जानकीरमन ने इसे देश के स्टार्ट-अप इकोसिस्टम के लिए "काला दिन" कहा था। जबकि KukuFM के संस्थापक ने गूगल को "दुनिया की सबसे दुष्ट कंपनी" कहा था।

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article